मंत्री भूपेंद्र सिंह की बढ़ी मुश्किलें, आय से अधिक संपत्ति मामले में लोकायुक्त ने शुरू की जांच

कांग्रेस ने भूपेंद्र सिंह पर पद और प्रभाव का इस्तेमाल कर बेहिसाब संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगाए थे और इसे लेकर 11 मई 2023 को लोकायुक्त को शिकायत की थी।

Updated: Jun 08, 2023, 09:17 AM IST

भोपाल। सीएम शिवराज के सबसे करीबी मंत्री भूपेंद्र सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ लोकायुक्त ने आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच शुरू की है। मंत्री भूपेंद्र सिंह और उनके परिवार पर 2008 से 2018 के बीच बेहिसाब संपत्ति एकत्रित करने के आरोप हैं।

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने उन पर पद और प्रभाव का इस्तेमाल कर बेहिसाब संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगाए थे और इसे लेकर 11 मई 2023 को लोकायुक्त को शिकायत की थी। मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कांग्रेस के आरोपों को तथ्यहीन बताया। उन्होंने कहा कि वे इस मामले में मानहानि का केस करेंगे। कांग्रेस नेताओं की शिकायत पर लोकायुक्त ने पंजी क्रमांक 572/सी/2023-24, जांच क्रमांक 0035/ई/ 2023-24 दिनांक 30.05.2023 में पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त को 8 अगस्त 2023 तक जांच रिपोर्ट मांगी है।

यह भी पढ़ें: 39 दिन, 35 जिले और 66 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा, MP फतह के लिए दिग्विजय सिंह की व्यूह रचना तैयार

दरअसल, मध्य प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष जेपी धनोपिया और कांग्रेस आरटीआई प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने 30 मई को भोपाल स्थिति प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। जिसमें उन्होंने मंत्री भूपेंद्र सिंह और उनके परिवार पर 2008 से 2018 के बीच बेहिसाब संपत्ति एकत्रित करने के आरोप लगाए थे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया था कि साल 2018 के बाद भी मंत्री भूपेंद्र सिंह, उनके परिवार और रिश्तेदारों ने आय से अधिक संपत्ति एकत्रित की।

कांग्रेस ने 2008 के विधानसभा चुनाव, 2009 के लोकसभा चुनाव, 2013 के विधानसभा चुनाव और 2018 विधानसभा चुनाव के दौरान भूपेंद्र सिंह के चुनाव आयोग को दिए शपथ पत्रों की जानकारी दी। साथ साल 2013 और 2020 में प्रकाशित एडीआर रिपोर्ट्स को भी अपने आरोपों का आधार बनाया है। मामले पर मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि मेरी चल-अचल संपत्ति पैतृक और घोषित है। कांग्रेस ने तथ्यहीन आरोप लगाए हैं। पैतृक भूमि पर बैंकों से लोन लेकर बनाई गई संपत्ति को लेकर कांग्रेस भ्रमित कर रही है। उनके खिलाफ मानहानि का केस दर्ज कराएंगे।