Loksabha Election Results: रायबरेली से राहुल गांधी की बड़ी जीत, अमेठी से स्मृति ईरानी की करारी हार

लोकसभा चुनाव के फाइनल नतीजे घोषित होने में बस कुछ ही घंटे बचे हैं। रायबरेली से राहुल गांधी ने अजेय बढ़त बना ली है वहीं अमेठी से स्मृति ईरानी की करारी हार होती नजर आ रही है।

Updated: Jun 04, 2024, 04:40 PM IST

लखनऊ। लोकसभा की 543 सीटों की काउंटिंग जारी है। इस बार चुनाव में भाजपा को उत्तर प्रदेश में भारी नुकसान झेलना पड़ा है। उत्तर प्रदेश की 40 सीटों पर इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों ने बढ़त बना रखी है। राज्य की बहुचर्चित सीटें रायबरेली और अमेठी में भी भाजपा की हालत पस्त है।

कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाली रायबरेली सीट पर चल रही मतगणना में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारी मतों से लगातार आगे चल रहे हैं, जिससे उनकी जीत पक्की है। वह पौने चार लाख वोट से आगे चल रहे हैं। इस बीच यहां से बीजेपी उम्मीदवार और योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने हथियार डाल दिए हैं और रुझानों के बाद उन्होंने अपनी हार मान ली है।

बीजेपी के उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया मंच फेसबुक पर लिखा, 'कर्तव्य पथ जो मिला, मैंने रायबरेली की देवतुल्य जनता की विनम्रता के साथ खूब परिश्रम कर सेवा की, फिर भी मुझसे अपनी सेवाओं के दौरान मन, वचन, कर्म से कोई त्रुटि रह गई हो या किसी को पीड़ा पहुंची हो तो हम रायबरेली वासियों से क्षमा प्रार्थी हैं। अपने उन तमाम शुभ चिंतकों, पार्टी जनों का हृदय से धन्यवाद देता हूं जिन्होंने अथक परिश्रम किया। चुनाव खूब अच्छा लड़ा, लेकिन निर्णय हमारे आपके हाथ में नहीं था।'

साथ ही मोदी सरकार में मंत्री स्मृति ईरानी, महेंद्र नाथ पांडेय और कौशल किशोर भी चुनाव हार गए हैं। स्मृति ईरानी को अमेठी से केएल शर्मा ने शिकस्त दी।
उत्तर प्रदेश की लखीमपुर खीरी सीट से केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी चुनाव हार गए हैं। 2021 में टेनी के बेटे ने प्रदर्शन कर रहे किसानों पर अपनी कार चढ़ा दी थी। इसमें 8 लोगों की मौत हुई थी। 

वहीं कैसरगंज सीट से करणभूषण सिंह ने भी बाजी मारी। करणभूषण पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे हैं। बृजभूषण पर पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगाया था, जिसके बाद उन्हें टिकट नहीं मिला।