मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सबलगढ़ क्षेत्र में गुरुवार सुबह गैस सिलिंडर की किल्लत ने हालात बिगाड़ दिए। सबलगढ़ स्थित एक गैस एजेंसी पर सुबह से ही खाली सिलिंडर लेकर उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी थी लेकिन करीब 11 बजे एजेंसी संचालक ने अचानक शटर बंद कर सिलिंडर वितरण रोक दिया। सिलिंडरों की कमी का हवाला देते हुए वितरण बंद किए जाने से नाराज लोगों ने एमएम रोड पर खाली सिलिंडर रखकर जाम लगा दिया। जिसकी वजह से करीब 20 मिनट तक अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति बनी रही थी।

चंबल अंचल में बढ़ती गैस की किल्लत के बीच उपभोक्ता सुबह से एजेंसी के बाहर इंतजार कर रहे थे। लोगों को उम्मीद थी कि उन्हें सिलिंडर मिल जाएगा लेकिन लंबे इंतजार के बाद जब एजेंसी ने वितरण रोक दिया तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

यह भी पढ़ें:बिलासपुर में बर्ड फ्लू के खिलाफ बड़ा एक्शन, नष्ट किए गए 25 हजार पक्षी, 8 पोल्ट्री फार्म भी सील

जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कोशिश की। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर सड़क से हटाया और यातायात बहाल कराया। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण बना रहा था लेकिन पुलिस की हस्तक्षेप से स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आ गई।

हंगामे के बाद एजेंसी संचालक ने राहत देते हुए घोषणा की है कि केवल पहले से लाइन में लगे उपभोक्ताओं को ही सिलिंडर दिए जाएंगे। यह सुनते ही जाम कर रहे लोग अपने-अपने खाली सिलिंडर लेकर तेजी से एजेंसी की ओर दौड़ पड़े। इसके बाद वितरण प्रक्रिया दोबारा शुरू हुई और हालात सामान्य होने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में गैस सिलिंडर की आपूर्ति लगातार प्रभावित हो रही है। जिसकी वजह से रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गई है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि सप्लाई व्यवस्था को जल्द दुरुस्त किया जाए ताकि इस तरह की स्थिति दोबारा न बने।

यह भी पढ़ें:शादी की दावत बनी आफत, गुलाब जामुन खाने के बाद सीहोर में 100 से ज्यादा लोग बीमार