छिंदवाड़ा स्थित आसाराम बापू के आश्रम में ब्लास्ट, 1 की मौत, चार गंभीर रूप से घायल

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा स्थित आसाराम बापू के आश्रम में बॉयलर फटने की सूचना, एक व्यक्ति की मौत और चार महिलाएं घायल, मीडिया को आश्रम में नहीं जाने दिया जा रहा

Updated: Jan 14, 2022, 07:40 AM IST

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां विवादित संत आसाराम बापू के आश्रम में ब्लास्ट हुआ है। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। आश्रम के भीतर घटनास्थल पर मीडिया को जाने नहीं दिया जा रहा है। 

बताया जा रहा है कि विस्फोट के बाद आश्रम परिसर में अफरा-तफरी का माहौल है। यह धमाका इतना जोर था कि दीवारों को काफी नुकसान हुआ है और में ईंटें बिखर गई है। पुलिस प्रशासन की टीम घटना स्थल पर पहुंच गई है। पुलिस सभी एंगल से इस हादसे की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: तुम सब मरोगे, वसीम रिजवी की गिरफ्तारी के दौरान यति नरसिंहानंद ने पुलिस को धमकाया

आसाराम आश्रम की संचालक दर्शना का दावा है कि सुबह बॉयलर ब्लास्ट हुआ है। दर्शना के मुताबिक खाना बनाने वाला बॉयलर खराब हो गया था, जिसे ठीक करने के लिए मैकेनिक को बुलाया गया था। मैकेनिक जब बॉयलर की रिपेयरिंग कर रहा था तभी विस्फोट हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस दौरान वहां मौजूद 4 महिलाएं घायल हुई हैं, जिनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 

एडिशनल एसपी संजीव सिंह ने मीडिया को बताया कि परासिया रोड पर आसाराम का आश्रम है। इसमें करीब 300 बच्चे पढ़ते हैं। खाना बनाने के दौरान विस्फोट हुआ है, जिसमें अहमदाबाद से आए एक व्यक्ति की मौत हो गई है।