MP में होली की धूम, गौकाष्ठ खरीदने पहुंचे सीएम शिवराज, CM हाउस में करेंगे होलिका दहन

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राजधानी भोपाल स्थित न्यू मार्केट में गौकाष्ठ खरीदने पहुंचे, सभी लोगों से लकड़ियों के बजाए गौकाष्ठ जलाने की अपील की

Updated: Mar 17, 2022, 09:01 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में चारो ओर होली की धूम है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी होली की तैयारियों में जूट गए हैं। गुरुवार सुबह वे राजधानी भोपाल स्थित न्यू मार्केट में गौकाष्ठ खरीदने पहुंचे। सीएम चौहान ने लोगों से भी लकड़ियों के बजाए गौकाष्ठ का उपयोग करने की अपील की है।

सीएम चौहान ने होलिका दहन की शुभकामनाएं देते हुए ट्वीट किया कि, 'आज मैंने इस अवसर पर भोपाल के न्यू मार्केट से होलिका दहन के लिए गो-काष्ठ की खरीदारी की। आप सबसे भी आग्रह है कि लकड़ियों के स्थान पर गो-गाष्ठ का उपयोग कीजिये। इससे वातावरण भी शुद्ध होगा और पर्यावरण की रक्षा भी होगी।' 

रिपोर्ट्स के मुताबिक शिवराज गौकाष्ठ खरीदने भोपाल के प्लैटिनम प्लाज़ा पर पहुंचे थे यहां उन्होंने गौकाष्ठ विक्रेता केंद्र पर गौकाष्ट की खरीदी की। भोपाल में गौ संवर्धन समिति और नगर निगम द्वारा शहर में कई जगहों गौकाष्ट केंद्र तैयार किया गया है। शुक्रवार को होली के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में फाग-उत्सव मनाया जाएगा इस दौरान कलाकारों की प्रस्तुति भी होगी।

सीएम शिवराज ने इस दौरान कहा कि प्रदेश में कोरोना पर पूरी तरह से नियंत्रण में है। आनंद के वातावरण में होली मनाए। होली मनाएं लेकिन लकड़ी का इस्तेमाल ना करें। गौकाष्ठ का उपयोग करें। मैंने भी ख़रीदा है। पेड़ ना काटने का संकल्प लें। पर्यावरण को इस चीज से फ़ायदा होगा। गौ संवर्धन समिति ने एक अच्छी पहल की है। गौ शालाएँ भी स्वाभलम्बी बनेगी। गाय घर में रखना आर्थिक रूप से भी लाभकारी हो सकती है।