उज्जैन। महाकाल लोक निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस शिवराज सरकार पर हमलावर है। पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा है कि कांग्रेस सरकार बनते ही महाकाल लोक के दोषियों पर कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कांग्रेस सरकार आने पर महाकाल दर्शन निःशुल्क करने का भी ऐलान किया है।



इंदौर-उज्जैन के संभागीय प्रभारी व राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह रविवार को उज्जैन दौरे पर थे। उन्होंने उज्जैन के शहीद पार्क में युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित पर्दाफाश आमसभा में हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयवर्धन सिंह ने ऐलान किया कि, 'मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन पर लगने वाले सभी शुल्क हटाए जाएंगे। दर्शन व्यवस्था पूरी तरह निःशुल्क रहेगी।'





यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में खत्म होगा शिवराज का राज, ओपिनियन पोल में कांग्रेस की प्रचंड वापसी के संकेत



राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने इस दौरान महाकाल लोक निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार को लेकर शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा।

सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में भ्रष्टाचार और लोगों पर अत्याचार कर रही है। सिंह ने कहा कि, 'राज्य में कांग्रेस की सरकार बनते ही महाकाल लोक में हुए भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। साथ ही भ्रष्टाचार के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई भी करेंगे। जब तक महाकाल मंदिर के महालोक के दोषी सामने नहीं आते कांग्रेस लड़ाई जारी रखेगी।'



यह भी पढ़ें: कर्नाटक की तरह अब मध्य प्रदेश में भी PayCM चल रहा है, सीएम चौहान पर बरसे दिग्विजय सिंह



दरअसल, बीते दिनों हवा चलने से महाकाल लोक में नवनिर्मित सप्तऋषि की मूर्तियां गिर गईं थीं। इसके अलावा 11 अन्य देव प्रतिमाएं भी खंडित हुईं हैं। इस घटना के बाद अरबों की लागत से निर्मित महाकाल लोक को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विपक्ष का आरोप है महाकाल लोक निर्माण कार्य में 80 फीसदी कमीशनखोरी की गई है। इस घटना को लेकर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सीएम चौहान पर निशाना साधते हुए कहा है कि कर्नाटक की तरह अब मध्य प्रदेश में भी PayCM चल रहा है।