मध्य प्रदेश में खत्म होगा शिवराज का राज, ओपिनियन पोल में कांग्रेस की प्रचंड वापसी के संकेत
मध्य प्रदेश में चुनाव से पहले ओपिनियन पोल ने उड़ाई भाजपा नेताओं की नींद, स्मॉल बॉक्स इंडिया के मुताबिक प्रदेश में पूर्ण बहुमत से बनेगी कांग्रेस की सरकार।

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव का काउंडाउन शुरू हो गया है। एक तरफ बीजेपी सत्ता में बने रहने के लिए पूरा जोर लगाती नजर आ रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस भी सत्ता वापसी की तैयारियों में जुटी है। इसी बीच एक ओपिनियन पोल ने भाजपा नेताओं की नींद उड़ा दी है। दरअसल, पोल के नतीजों में सामने आया है कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।
देशभर के राजनीतिक घटनाक्रम और चुनावों पर बारीक नजर रखने वाले स्मॉल बॉक्स इंडिया ने यह ओपिनियन पोल जारी किया है। इसमें बताया गया है कि 230 सीट वाले विधानसभा में कांग्रेस को 124 से 135 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं बीजेपी 70 से 80 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। सर्वे में मध्य प्रदेश में अन्य के खाते में 12 से 15 सीटें बताई गई हैं।
Its Our Second Small Box India Opinion poll of Madhya Pradesh assembly 2023 ( Total 230 seats )
— Small Box India (@SmallBoxIndia) June 4, 2023
Congress - 124 -135 seats
BJP - 70 - 80 seats
Others - 14-17 seats#Madhyapradeshelection2023
बता दें कि ‘स्मॉल बाॅक्स इंडिया’ का कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश समेत गुजरात और एमसीडी चुनाव में ओपिनियन पोल सही साबित हुआ था। स्माल बाॅक्स ने बताया था कि कर्नाटक में कांग्रेस, हिमाचल में कांग्रेस, गुजरात में भाजपा और एमसीडी में आप की जीत होगी। हिमाचल प्रदेश के लिए स्मॉल बाॅक्स ने अपने ओपिनियन पोल में 39 सीटों पर कांग्रेस और 26 सीटों पर भाजपा की जीत बताई थी। नतीजे कमोबेश ऐसे ही आए थे और हिमाचल में कांग्रेस ने 40 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाई है। भाजपा को 25 सीटों पर ही जीत मिली थी।
हाल ही में हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भी ‘स्मॉल बाॅक्स इंडिया’ का सर्वे सबसे सटीक था। कंपनी ने कांग्रेस के खाते में 129 सीट आने के संकेत दिए थे। यहां भी नतीजे कमोबेश ऐसे ही आए और कांग्रेस पार्टी 136 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाने में कामयाब रही।
बहरहाल, मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को 135 से भी ज्यादा सीटें मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पीसीसी चीफ कमलनाथ ने हाल ही में चार अलग-अलग एजेंसियों से सर्वे कराए हैं। इसमें यह बात निकलकर आई कि कांग्रेस 160 से 174 सीटें जीत सकती है। कांग्रेस के सीनियर विधायक पीसी शर्मा ने भी इसी रिपोर्ट के आधार पर रविवार को दावा किया है कि कांग्रेस 174 से भी ज्यादा सीटें जीतेगी।
मध्यप्रदेश मे भी @OfficeOfKNath जी के नेतृत्व मे 124-135 नही 174 से भी अधिक सीटो से कांग्रेस की सरकार बनेगी.. https://t.co/uED6NRWpvM
— P. C. Sharma (@pcsharmainc) June 4, 2023
इससे पहले नई दिल्ली में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान स्वयं राहुल गांधी भी कह चुके हैं कि राज्य में कांग्रेस की सरकार आ रही है। राहुल गांधी ने कहा था, "हमें कर्नाटक में 136 सीटें मिली, हमें मध्य प्रदेश में 150 सीटें मिलने वाली है। हमने जो कर्नाटक में किया उसे हम दोहराएंगे।" अब तमाम ओपिनियन पोल्स भी राहुल गांधी के दावों पर मुहर लगा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक में जो किया उसे दोहराने जा रहे हैं, मध्य प्रदेश में जीतेंगे 150 सीटें, राहुल गांधी का बड़ा बयान
इतना ही नहीं खुद बीजेपी द्वारा कराए गए आंतरिक सर्वे में भी इसी तरह के नतीजे सामने आए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान और बीजेपी संगठन ने आगामी चुनाव को देखते हुए अलग-अलग सर्वे कराए हैं। इनके नतीजे एक ही जैसे हैं। सर्वे में भाजपा 70 सीटों के आसपास सिमटती बताई गई है। भाजपा द्वारा कराए गए अंतरिक सर्वे की यह रिपोर्ट हाल ही में मीडिया में लीक हुई थी।