बालाघाट में 2 संदिग्ध महिला नक्सलियों को मार गिराने का पुलिस का दावा

बालाघाट के बोरवन में मुठभेड़, 2 इनामी महिला नक्सलियों को मार गिराने का दावा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में एक्टिव होने का शक

Updated: Dec 12, 2020, 10:12 PM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

बालाघाट। जिले के किरनापुर थाना इलाके में पुलिस ने दो महिला नक्सिलयों को मार गिराने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार बोरवन जंगलों में सुरक्षा बलों और कथित नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें दो महिला नक्सली ढेर हुई हैं। आपको बता दें कि पुलिस बोरवन जंगल में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

बोरवन जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच यह मुठभेड़ देर रात शुरू हुई जो शनिवार सुबह तक जारी थी। इसमें दो संदिग्ध महिला नक्सली मारी गई हैं। कई अन्य के घायल होने की खबर है, फिलहाल पुलिस सर्च आपरेशन चला रही है। मारी गई महिलाओं पर 3-3 लाख का इनाम था, इनकी पहचान शोभा और सावित्री के रूप में हुई है।

संदिग्ध महिला नक्सली मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ में एक्टिव थीं। पुलिस का कहना है कि दोनों गढ़चरोली मलाजखंड एरिया कमेटी से जुड़ी हार्डकोर नक्सली थीं। एक महिला छत्तीसगढ़ के बस्तर की रहने वाली थी, वहीं दूसरी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली की रहने वाली थी। इनके पास से सुरक्षा बलों से लूटी गई इनसास राइफल और दूसरे नक्सली सामान मिले हैं।

पुलिस का दावा है कि दोनों संदिग्ध महिलाओं पर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में सुरक्षाबलों पर हमला, हत्या और लूट के मामले दर्ज थे।

आपको बता दें कि पुलिस को बोरवन जंगल में बड़ी संख्या में नक्सलियों के मौजूद होने की खबर मिली थी। जिसके बाद सुरक्षा बलों ने एसपी अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में नक्सलियों की घेराबंदी की। पुलिस को देख कथित नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें दो महिला नक्सली मारी गईं।