दिल्ली में होने वाली एमपी कांग्रेस की चुनावी बैठक दूसरी बार टली, कर्नाटक कैबिनेट विस्तार बनी वजह

मध्य प्रदेश के कांग्रेस दिग्गजों की राहुल गांधी के साथ दिल्ली में शुक्रवार को होने वाली बैठक एक बार फिर स्थगित हो गई है। बताया जा रहा है कि कर्नाटक कैबिनेट विस्तार को लेकर बैठक को टाला गया है।

Updated: May 26, 2023, 01:02 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के सीनियर नेताओं की शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ बैठक होने वाली थी। गुरुवार देर शाम अचानक का बैठक को टाल दिया गया। बताया जा रहा है कि कर्नाटक कैबिनेट विस्तार को लेकर बैठक टाली गई है। यह दूसरी बार है जब कांग्रेस हाईकमान ने मध्य प्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ अहम बैठक टाली हो।

रिपोर्ट्स के मुताबिक कर्नाटक कैबिनेट विस्तार के कारण यह अहम बैठक टाली गई है। दरअसल, कर्नाटक में कांग्रेस सरकार बनने के बाद 10 विधायक मंत्रीपद की शपथ ले चुके हैं। वहीं, शनिवार को 24 अन्य विधायक भी मंत्रीपद की शपथ लेंगे। मंत्रिमंडल विस्तार के समय किसी भी तरह का कोई असंतोष ना हो, इसे लेकर कांग्रेस का आलाकमान बेहद सतर्क है। हाईकमान किसी भी तरह की रिस्क लेना नहीं चाहता। इसीलिए फिलहाल इन बैठकों को टाल दिया गया है। जल्द ही इन बैठकों की आगे की तिथि घोषित की जाएगी।

दिल्ली में खड़गे के आवास पर पूर्व निर्धारित इस बैठक में प्रदेश के दोनों पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल, पूर्व पीसीसी चीफ कांतिलाल भूरिया, राज्यसभा सांसद विवेक तनखा और सुरेश पचौरी भी शामिल होने वाले थे।

बताया जा रहा है कि पूर्व सीएम व राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह सहित कांग्रेस के कई नेता बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंच चुके थे। हालांकि, एक बार फिर बैठक रद्द होने के कारण वह वापस लौटने लगे हैं। माना जा रहा है कि अब यह बैठक अगले महीने होगी।