MP Election 2023: भोपाल में राहुल गांधी का मेगा रोड शो, सड़कों पर उमड़ा भारी जनसैलाब

राजधानी की सड़कों पर लाखों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग राहुल गांधी के स्वागत में खड़े दिखे। शहर में जगह-जगह स्वागत मंच बने हुए हैं। कई लोग शहनाई से तो कई लोगों ने बैंड बाजा की धुन पर उनकी यात्रा का स्वागत किया।

Updated: Nov 14, 2023, 11:53 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का प्रचार अभियान अब अपने अंतिम पड़ाव में है। प्रचार के आखिरी तीन दिनों में कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस के सभी बड़े नेता प्रदेशभर में रैलियां कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को राहुल गांधी भोपाल में आयोजित मेगा रोड शो में शामिल हुए। इस दौरान राजधानी की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। 

राजधानी की सड़कों पर लाखों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग राहुल गांधी के स्वागत में खड़े दिखे। शहर में जगह-जगह स्वागत मंच बने हुए हैं। कई लोग शहनाई से तो कई लोगों ने बैंड बाजा की धुन पर उनकी यात्रा का स्वागत किया। रहवासी छतों से पुष्पवर्षा करते भी दिखे।

भीड़ का आलम ये है की पुराने शहर में पांव रखने की जगह नहीं है। राहुल गांधी जिंदाबाद के गगनभेदी नारों पूरा वातावरण कांग्रेसमय दिखा। रोड शो में राहुल गांधी के साथ भोपाल उत्तर से कांग्रेस प्रत्याशी आतिफ अकील, भोपाल मध्य विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी आरिफ मसूद, भोपाल दक्षिण पश्चिम से प्रत्याशी पीसी शर्मा और सीनियर नेता सुरेश पचौरी मौजदू हैं।

रोड शो के दौरान रास्ते में राहुल गांधी ने आरिफ मसूद की गुजारिश पर जनता का उत्साहवर्धन के लिए चारबत्ती चौराहे पर संक्षिप्त संबोधन भी किया। राहुल गांधी ने इस दौरान लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस प्रत्याशियों को बड़े अंतर से जीत दिलाएं। उन्होंने कहा कि नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलनी है।

राहुल गांधी सोमवार शाम एयरपोर्ट से उतरकर इमामी गेट पहुंचे। जहां 5:40 बजे से इमामी गेट से रोड शो शुरू हुआ। जो पीर गेट, मोती मस्जिद होते हुए सरस्वती प्रकाशन के सामने से होते हुए बुधवारा पहुंचा। शाम साढ़े 6 बजे काली मंदिर चौराहे पर रोड शो का समापन हुए। पौने 2 किलोमीटर के रोड शो में भोपाल की 2 विधानसभाएं उत्तर और मध्य कवर हुईं। इसके बाद राहुल गांधी अशोका गार्डन में इंडियन बैंक नर्मदा चौराहे के पास राहुल गांधी नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे।

मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया जाएगा। वहीं तीन दिसंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। कांग्रेस पार्टी 150 सीटें जीतने का दावा कर रही है। राहुल गांधी ने आज ही नीमच जिले के जावद में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के कांग्रेस स्वीप कर रही है।