कांग्रेस प्रत्याशी के विरोध के बाद उल्टे पैर लौटे अफसर, स्वतंत्रता सेनानियों का तोड़ने पहुंचे थे मकान

स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत नगर निगम को एमओजी लाइन क्षेत्र में सरकारी दफ्तर बनाना है, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन विरोध में सड़क पर बैठ गए, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी भी बुलडोजर पर चढ़ गए

Updated: Apr 08, 2024, 01:05 PM IST

Photo Source  : Amar Ujala
Photo Source : Amar Ujala

इंदौर। इंदौर के एमओजी लाइन क्षेत्र में नगर निगम के अधिकारियों को कांग्रेस प्रत्याशी के विरोध के बाद उल्टे पैर लौटना पड़ा। नगर निगम का अमला यहां पर स्वतंत्रता सेनानियों के मकान तोड़ने पहुंचा था। नगर निगम के इस प्रयास का विरोध करने इंदौर लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी अक्षय बम ने मौके पर पहुंच कर जमकर विरोध किया, जिसके बाद अधिकारियों को वापस लौटने पर मजबूर होना पड़ा। 

इंदौर के एमओजी लाइन क्षेत्र में स्वतंत्रता सेनानियों को मकान आवंटित किए गए हैं। अधिकतर स्वतंत्रता सेनानियों का निधन हो चुका है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत नगर निगम को यहां पर भवन और सरकारी दफ्तर का निर्माण करना है। इसलिए करीब 50 की संख्या में नगर निगम की टीम यहां पर मौजूद मकानों को तोड़ने पहुंची। 

नगर निगम के इस कृत्य का स्थानीय लोगों ने विरोध शुरु कर दिया। स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन विरोध दर्ज करने के लिए अपना सामान घरों से निकाल कर सड़क पर बैठ गए और स्थानीय पार्षद के ख़िलाफ़ नारेबाजी करने लगे। 

यह भी पढ़ें : अंतरिक्ष में होने के बावजूद सूर्य ग्रहण क्यों नहीं देख पाएगा भारत का आदित्य L1

हालांकि नगर निगम की कार्रवाई जारी थी और उन्होंने मकानों को तोड़ना भी शुरू कर दिया था। इसी बीच इस पूरे घटनाक्रम की सूचना मिलने पर कांग्रेस के उम्मीदवार अक्षय बम भी मौके पर पहुंच गए। कांग्रेस प्रत्याशी ने विरोध स्वरूप नगर निगम के बुलडोजर पर ही चढ़ाई शुरू कर दी। स्थानीय लोगों और कांग्रेस उम्मीदवार के भारी विरोध को देख नगर निगम का अमला वापस लौट गया। 

यह भी पढ़ें : पीएम के सामने नीतीश की फिसली ज़ुबान, तेजस्वी बोले नीतीश जी को मोदी जी का पैर छूता देख बुरा लगा

मध्य प्रदेश में 29 लोकसभा सीटें आती हैं। पिछली बार कांग्रेस को यहां से सिर्फ एक सीट पर जीत हासिल हुई थी। हालांकि कांग्रेस इस बार जोरों शोरों से प्रचार कर रही है। राहुल गांधी भी आज मध्य प्रदेश दौरे पर पहुंचे हैं। कांग्रेस नेता आज सिवनी और शहडोल में चुनावी प्रचार कर रहे हैं।