प्रियंका गांधी का मंडला दौरा आज, गोंड़ राजाओं की नगरी रामनगर से भरेंगी हुंकार

विधानसभा चुनाव के लिहाज से प्रियंका गांधी का आदिवासी बाहुल्य मंडला जिले का दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। मध्य प्रदेश में आदिवासी वोटर्स निर्णायक भूमिका में है और उनके बिना किसी भी दल के सत्ता पर काबिज होना मुश्किल है।

Updated: Oct 12, 2023, 10:06 AM IST

मंडला। मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी जोर-शोर से जुटी हुई है। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी आज मंडला पहुंचेंगी। प्रियंका गांधी मंडला जिले में स्थित गोंड राजाओं की रामनगर में आम सभा को संबोधित करेंगी। उनके साथ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और राष्ट्रीय महासचिव सुरजेवाला, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव सहित बड़ी संख्या में प्रदेश के कांग्रेस नेता कार्यक्रम में शामिल होंगे।

मंडला के कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश तिवारी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि गोंडवाना साम्राज्य की ऐतिहासिक धरोहर और गोंड़ राजाओं की नगरी रामनगर में 12 अक्टूबर को प्रियंका गांधी का कार्यक्रम तय हुआ है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी का आदिवासियों से विशेष लगाव रहा है। इसलिए प्रियंका गांधी की इच्छा ऐसे क्षेत्र में जाने और अपनी बात रखने की थी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि प्रियंका गांधी तय कार्यक्रम के अनुसार, 11:30 पर हेलीपैड में उतरेंगे उसके बाद चौगान की मढ़िया में दर्शन कर, शंकर शाह-रघुनाथ शाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण और नर्मदा पूजन के बाद वे आम सभा को संबोधित करेंगी।

विधानसभा चुनाव के लिहाज से प्रियंका गांधी का आदिवासी बाहुल्य मंडला जिले का दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। मध्य प्रदेश में आदिवासी वोटर्स निर्णायक भूमिका में है और बिना उनके सत्ता पर काबिज होना मुश्किल है। सूबे में कुल 230 सीटों में से 47 सीटें आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित हैं, लेकिन उनका प्रभाव 80 से ज्यादा सीटों पर है। 2018 के चुनाव में आदिवासी वोटरों के छींटकने के चलते ही भाजपा को सत्ता गंवानी पड़ गई थी। पिछले चुनाव में 47 में से 30 सीटें कांग्रेस ने जीती और 16 सीटें बीजेपी के खाते में गईं जबकि एक सीट निर्दलीय के खाते में गई थी।