MP में दिखा राहुल का अलग अंदाज, इंदौर की सड़कों पर बुलेट चलाते नजर आए, यात्रा में शामिल हुआ जर्मन शेफर्ड मार्वल
इंदौर में दिखा राहुल गांधी का क्रेज, सड़कों पर उतरे लाखों लोग, घरों से फूल बरसाती रही महिलाएं, बुलेट की सवारी करते वीडियो वायरल।

इंदौर। मध्य प्रदेश में आज भारत जोड़ो यात्रा का पांचवां दिन है। यात्रा सुबह करीब साढ़े 6 बजे इंदौर पहुंची। देवी अहिल्याबाई की नगरी में इस ऐतिहासिक यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इंदौर की सड़कें लोगों से पटी हुई थी। महिलाएं छतों से फूल बरसा रहीं थीं। इसी दौरान राहुल गांधी का जुदा अंदाज भी देखने को मिला। राहुल इंदौर की सड़कों पर बुलेट बाइक चलाते दिखे।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बुलेट चलाते समय राहुल गांधी ने सिर पर हेलमेट पहना हुआ है और सुरक्षाकर्मी आगे सड़क से लोगों को हटा रहे हैं। वहीं राउ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जीतू पटवारी गाड़ी के साथ दौड़ रहे हैं। राहुल गांधी को बाइक की सवारी करते देख सड़क के दोनों तरफ से भीड़ उमड़ पड़ी वहीं कार्यकर्ता भी उत्साहित दिखे।
राहुल गांधी ने इस दौरान जर्मन शेफर्ड "मार्वल" और उसके साथ आए दो युवकों से भी मुलाकात की। इन युवकों में से एक ग्वालियर के सिविल इंजीनियर रजत पराशर आवारा कुत्तों के पालन-पोषण का काम करते हैं। वह 10 महीने के जर्मन शेफर्ड मार्वल को लेकर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए हैं।
Anything is paw-sible with a dog by your side!
— Congress (@INCIndia) November 27, 2022
Wearing bike goggles, riding pillion with her pet-parent Rajat Parashar on his motor bike, Marvel came all the way from Gwalior to meet @RahulGandhi and join the #BharatJodoYatra. pic.twitter.com/oceWcja4nP
रजत पराशर ने कहा कि राहुल गांधी ने अपने लोगों से यात्रा के दौरान मार्वल के लिए विशेष खाने का इंतजाम करने के लिए कहा है। पराशर ने कहा कि मार्वल को इस तरह की यात्राओं के लिए प्रशिक्षित किया गया है और वह पहले ही कश्मीर से कन्याकुमारी तक की यात्रा कर चुका है। अब वह कैंप में ही रहेंगे।
इंदौर में यात्रा के दौरान समाज के अलग-अलग तबके के लोगों के साथ साथ एक दिव्यांग व्यक्ति भी यात्रा में शामिल हुआ। राहुल काफी देर तक उसकी व्हीलचेयर धकेलते भी नजर आए। यात्रा में हिस्सा लेने के बाद दिव्यांग मनोहर ने बताया कि उन्होंने राहुल से कहा कि अब देश बदलना चाहिए।