मुरैना में रेप के आरोपी की पत्नी से गैंगरेप, पति पर आरोप लगाने वाली महिला के घर समझौते के लिए गई थी पीड़िता

मुरैना के अंबाह में पति पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला के घर समझौते के लिए गई महिला के साथ गैंगरेप हुआ। आरोपियों ने पेट्रोल डालकर उसे आग लगा दी।

Updated: Feb 17, 2024, 03:14 PM IST

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रेप के आरोपी की पत्नी के साथ तीन लोगों ने गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। महिला अपने पति पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला के घर समझौते के लिए गई थी। इसी दौरान आरोपियों ने उसके साथ हैवानियत की।

घटना मुरैना के अंबाह का है। पीड़ित शुक्रवार दोपहर पति पर रेप का आरोप लगाने वाली महिला से राजीनामा की बात करने चांदपुर गांव गई थी। चांदपुर गांव में 3 लोगों ने उसके साथ गैंगरेप किया। जब वह भागने लगी तो उसके पति पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला समेत अन्य लोगों ने उसे पेट्रोल डालकर जला दिया।

जनवरी के महीने में पीड़ित महिला के पति सुरेश जाटव पर रेप का आरोप लगाया गया था। महिला इसी सिलसिले में समझौते की बात करने आरोप लगाने वाली महिला के घर चांदपुरा पहुंची थी। जहां उसे हैवानों ने घेर लिया और गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया।

इसके बाद जब पीड़िता भागने लगी तो उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। आग में महिला बुरी तरह झुलस गई। महिला को गंभीर हालत में ग्वालियर अस्पताल रेफर किया गया है। पीड़िता ने एंबुलेंस में अपने पति को बयान दिया है, जिसमें उसने आरोप लगाए हैं। बयान का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।