रिटायर्ड IAS अफसर मनोज श्रीवास्तव होंगे MP के नए चुनाव आयुक्त, बीपी सिंह का पूरा हुआ कार्यकाल
निवर्तमान चुनाव आयुक्त रहे बसंत प्रताप सिंह का 6 माह का अतिरिक्त कार्यकाल 31 दिसंबर पूरा हुआ। ऐसे में राज्य सरकार ने मनोज श्रीवास्तव को निर्वाचन आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी है।
भोपाल। रिटायर्ड IAS अफसर व अपर मुख्य सचिव रहे मनोज श्रीवास्तव मध्य प्रदेश के नए राज्य निर्वाचन आयुक्त होंगे। राज्य सरकार ने उसकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार शाम को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
निवर्तमान चुनाव आयुक्त रहे बसंत प्रताप सिंह का 6 माह का अतिरिक्त कार्यकाल 31 दिसंबर पूरा हुआ। ऐसे में राज्य सरकार ने मनोज श्रीवास्तव को निर्वाचन आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी है। वे एक जनवरी से अपना कार्यभार संभालेंगे। मनोज श्रीवास्तव फिलहाल प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग के सदस्य के तौर पर काम कर रहे थे।
नई नियुक्ति पर जाने से पहले उन्होंने मंगलवार को ही इस पद से इस्तीफा दे दिया है। राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार नए निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति 6 वर्ष या 66 वर्ष की आयु पूर्ण होने, जो भी पहले हो तक की अवधि के लिए होगी। इस पद पर पूर्व मुख्य सचिव वीरा राणा और रिटायर्ड एसीएस मलय श्रीवास्तव की भी दावेदारी थी।
मनोज श्रीवास्तव 1987 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के सेवानिवृत IAS अधिकारी हैं। वे सरकार के कई विभागों में अहम पद पर रह चुके हैं। साल 2021 में वे पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव पद से रिटायर हुए थे।
एक अलग पहलू यह भी है कि गहरा प्रशासनिक अनुभव होने के साथ-साथ साहित्य के क्षेत्र में उनकी गहरी रूचि रही है। श्रीवास्तव को केंद्रीय हिंदी संस्थान से स्वामी विवेकानंद पुरस्कार और 'अंतर्राष्ट्रीय विमानन पुरस्कार' से भी सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा, वे महात्मा गांधी द्वारा स्थापित राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के हिंदी भवन से प्रकाशित साहित्यिक पत्रिका 'अक्षरा' के प्रधान संपादक भी हैं।