सीहोर: तबादले से परेशान नर्स बरसते पानी में बीच सड़क पर लेटी, अधिकारियों पर लगाए परेशान करने के आरोप

शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे नर्स सड़क पर लेट गई और विरोध प्रदर्शन करने लगी। इस दौरान बारिश भी हो रही थी। नर्स का कहना है कि उसे बिना वजह परेशान किया जा रहा है।

Updated: Sep 15, 2023, 01:35 PM IST

सीहोर। सीएम शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां तबादले से परेशान होकर एक नर्स बीच सड़क पर लेट गई। इस दौरान झमाझम बारिश भी हो रही थी। नर्स का आरोप है कि उसका बिना कारण तबादला किया गया है। उसे बिना वजह परेशान किया जा रहा है।

मामला जिले के लाड़कुई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है। शुक्रवार सुबह बारिश होने के कारण यहां चहल-पहल कम थी लेकिन लगभग 11 बजे अस्पताल में पदस्थ नर्स बीच सड़क पर लेट गई और विरोध प्रदर्शन करने लगी। दरअसल, रीना मालवीय नामक नर्स का तबादला कर दिया गया है। तबादले के खिलाफ रीना ने मोर्चा खोल दिया और अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन करने लगी।

यह भी पढ़ें: जनप्रतिनिधियों के अधिकार अधिकारियों को क्यों दिए, दिग्विजय सिंह ने पंचायती राज व्यवस्था पर सीएम से पूछे सवाल

इस शासकीय अस्पताल में लापरवाही के मामले लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। यहां के डॉक्टर पर कोरोना काल में दान में मिले सामान को कबाड़ी में बेचने के आरोप भी लगे थे जिसकी जांच चल रही है। वहीं अस्पताल में डिलीवरी केस को लेकर भी लगातार विवाद की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में माना जा रहा था कि डॉक्टर पर प्रशासन कार्रवाई कर सकता है। लेकिन अचानक नर्स का तबादला कर दिया गया।

मामले पर कलेक्टर प्रवीण सिंह का कहना है कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से इस बता की जानकारी मिली है। वह सीएमएचओ से बात कर रहे है। भेरूंदा के थाना प्रभारी गिरीश ने बताया कि नर्स को रोड से हटाने के लिए वहां पुलिस गई थी। लेकिन वह हटने को तैयार नहीं है। ऐसे में अब महिला पुलिस को भी मौके पर भेजा गया है।