भारत जोड़ो अभियान के राज्य सम्मेलन में शामिल हुए कमलनाथ, कहा- पाप धोने के लिए शिवराज करते हैं घोषणाएं

भारत जोड़ो अभियान का उद्देश्य संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक संस्थानों एवं परम्पराओं को बचाने एवं सुदृढ करने के लिए प्रतिबद्ध नागरिक समाज स्थापित करना है।

Updated: May 18, 2023, 11:26 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ बुधवार को राजधानी भोपाल स्थित गांधी भवन में आयोजित "भारत जोड़ो अभियान" के राज्य सम्मेलन में शामिल हुए। पूर्व सीएम ने इस दौरान राज्य सरकार कर जमकर निशाना साधा। कमलनाथ ने कहा कि पिछले 18 साल का पाप धोने के लिए सीएम शिवराज घोषणाएं कर रहे हैं। इस दौरान स्वराज इंडिया के फाउंडर योगेंद्र यादव, शिक्षाविद अनिल सदगोपाल, पत्रकार अमृता राय, सामाजिक कार्यकर्ता अमूल्य निधि समेत देश प्रदेश के सिविल सोसायटी के सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि, 'आज हम भारत जोड़ो सम्मेलन कर रहे हैं। क्या दस साल पहले कोई सोच सकता था की देश में इसकी आवश्यकता पड़ेगी। दुनिया में ऐसा कोई देश नहीं जहां इतने धर्म हैं, कोई ऐसा देश नहीं है जहां इतनी जातियां हैं, कोई ऐसा देश नहीं है जहां इतनी भाषाएं हैं, किसी देश में इतने देवी-देवता नहीं हैं, दुनिया में कहीं इतने त्योहार नहीं मनाए जाते हैं। जब आप दक्षिण भारत जाते हैं तो पजामा भी लूंगी बन जाता है। ये हमारे देश की विविधता है।'

पूर्व सीएम ने कहा, 'इतनी विविधता के बावजूद भारत आज एक झंडे के नीचे खड़ा है तो संविधान के कारण खड़ा है। हमारे देश की संस्कृति जोड़ने की संस्कृति है। हम दिलों को जोड़ते हैं, संबंधों को जोड़ते हैं, रिश्तों को जोड़ते हैं। भारत की यह जो जोड़ने की संस्कृति है उसपर हमला हो रहा है, इसलिए आज भारत जोड़ने की बात हम कर रहे हैं। आज तमिलनाडु में हिंदी का विवाद, पंजाब में खालिस्तान के नारे शुरू हो गए, मणिपुर में आदिवासी और गैर आदिवासियों के बीच संघर्ष शुरू है। बाबा साहेब ने हमारा संविधान बनाया। यह संविधान पूरे विश्व में मशहूर है, पर ये संविधान अगर गलत हाथों में चला जाए तो?'

पूर्व सीएम ने आगे कहा, 'मध्य प्रदेश सरकार ने तीन लाख तीस हज़ार करोड़ का कर्ज लिया है। ये कर्ज क्यों लिया जा रहा है? कमीशनखोरी के लिए। शिवराज सरकार ठेके देकर कमीशन खाने का रूल चला रही है। सरकार ने जो कर्ज लिया उसका लाभ हमारे माताओं-बहनों को मिला क्या? प्रदेश के किसान और नौजवानों को मिला क्या? नहीं मिला। लाखों करोड़ रुपए ठेके देकर कमीशन खाने में चला गया।'

पूर्व सीएम ने आगे कहा, 'शिवराज सरकार ने पिछले 18 साल में क्या किया है? आज मध्य प्रदेश के किसान परेशान हैं, नौजवान परेशान हैं, मजदूर परेशान हैं। लेकिन भाजपा सरकार का एकमात्र लक्ष्य भ्रष्टाचार है। कितना पैसा कहां से निकलेगा सरकार बस ये सोचती रहती है। पिछले 18 वर्षों में शिवराज सरकार ने कुछ नहीं किया। अब चुनावी साल में 18 वर्षों का पाप धुलने के लिए मुख्यमंत्री आए दिन घोषणाएं करते हैं। सीएम शिवराज झूठ और घोषणा की मशीन हैं।'

बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के समापन के बाद अब देशभर में सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा भारत जोड़ो अभियान के अगले चरण को लेकर विचार मंथन किया जा रहा है। इसी क्रम में राजधानी भोपाल स्थित गांधी भवन में इस अभियान को लेकर बुधवार को राज्यस्तरीय सम्मेलन बुलाई गई थी। इस कार्यक्रम में 25 सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। भारत जोड़ो अभियान का उद्देश्य संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक संस्थानों एवं परम्पराओं को बचाने एवं सुदृढ करने के लिए प्रतिबद्ध नागरिक समाज स्थापित करना है।

बीते 6 फरवरी 2023 को दिल्ली में भारत जोड़ो अभियान का शंखनाद किया गया था। भारत जोड़ो अभियान के इस राष्ट्रीय अधिवेशन में राहुल गांधी भी शामिल हुए थे। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि, "भारत जोड़ो यात्रा महज एक यात्रा नहीं बल्कि सोचने का एक तरीक़ा है। आडवाणी जी ने जब रथ यात्रा निकाली तो जनता उससे दूर थी। रथ डीज़ल इंजन की गाड़ी में चल रहे थे। इस यात्रा में रथ नहीं था। रथ राजा का होता है। इस यात्रा में कोई राजा नहीं सिर्फ़ प्रजा शामिल थी। इस यात्रा में अहिंसा, मोहब्बत और एकता थी। आडवाणी जी की यात्रा में नफ़रत और हिंसा थी।'