UP में टोल प्लाजा से टकराकर फटा LPG टैंकर, 7 लोग गंभीर रूप से झुलसे

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में शुक्रवार सुबह एलपीजी टैंकर टोल प्लाजा से टकराकर पलट गया, जिसके बाद गैस रिसाव से भीषण विस्फोट और आग लग गई। हादसे में सात लोग घायल हुए।

Updated: Jun 26, 2026, 12:25 PM IST

कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। कानपुर से प्रतापगढ़ जा रहा एलपीजी (LPG) से भरा टैंकर कोखराज टोल प्लाजा से टकराने के बाद पलट गया। इसके कुछ ही देर बाद गैस रिसाव हुआ और जोरदार विस्फोट के साथ टैंकर में भीषण आग लग गई। हादसे में सात लोग घायल हुए हैं। टोल प्लाजा के पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं, टैंकर का चालक और परिचालक हादसे के तुरंत बाद वाहन से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

हादसे के बाद आग की लपटें और धुएं का घना गुबार करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। आग इतनी भयावह थी कि कोई भी व्यक्ति टैंकर के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। सुरक्षा के मद्देनजर टोल प्लाजा पर यातायात रोक दिया गया। जिसकी वजह से दोनों ओर बसों और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर चालक ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान करीब 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा टैंकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। दुर्घटना के बाद चालक और परिचालक वाहन से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर चले गए।

कौशांबी के पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टक्कर के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया था। इसके बाद हुए तेज विस्फोट ने भीषण आग का रूप ले लिया। उन्होंने कहा कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जिला आपूर्ति अधिकारी (DSO) और तकनीकी टीम को जांच के निर्देश दिए गए हैं।

टोल प्लाजा के कर्मचारी संजय निर्मल ने बताया कि दुर्घटना से करीब 10 मिनट पहले हल्की बारिश हुई थी। उनके अनुसार, अचानक तेज धमाके के साथ टैंकर टोल प्लाजा से टकराया। जिसके बाद गैस रिसने लगी और कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

आग तेजी से टोल प्लाजा के पास बने वाहन पार्किंग क्षेत्र और शौचालय तक फैल गई। इस दौरान कर्मचारियों की पार्किंग में खड़ी 16 से अधिक मोटरसाइकिलें और दो कारें पूरी तरह जलकर राख हो गई। वहीं, शौचालय के अंदर मौजूद सुपरवाइजर आलोक पांडे भी गंभीर रूप से झुलस गए।

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि हादसे में कुल सात लोग घायल हुए। इनमें से पांच की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रेफर किया गया। जबकि, दो अन्य को मामूली चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही जिले की सभी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और पुलिस बल को तत्काल मौके पर भेजा गया। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और सुरक्षा जांच के बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है।