गरीबों की जमीन हड़पने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, सिंधिया के गढ़ में दिग्विजय सिंह ने भरी हुंकार

अशोकनगर में कांग्रेस का संविधान बचाओ सभा, कमलनाथ बोले- सरकार आते ही फिर से किसानों का कर्ज माफ करेंगे, 100 यूनिट बिजली माफ करेंगे। नौजवान को रोजगार देंगे। पिछड़ा वर्ग को 27% आरक्षण देने के लिए वचनबद्ध हूं।

Updated: Sep 15, 2023, 05:10 PM IST

अशोकनगर। विधानसभा चुनाव से पूर्व विपक्षी दल कांग्रेस भाजपा नेताओं पर आक्रामक है। शुक्रवार को पीसीसी चीफ कमलनाथ और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने सिंधिया के गढ़ अशोकनगर में हुंकार भरी। यहां संविधान बचाओ सभा को संबोधित करते हुए सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि सिंधिया को भाजपा ने महाराज से भाईसाहब बना दिया।

दिग्विजय सिंह ने अपने संबोधन के शुरुआत में कहा, 'अशोकनगर को पहले पछार कहा जाता था। मेरे पिताजी बताते थे की यहां फुटबॉल टूर्नामेंट बड़ा जबरदस्त हुआ करता था। सन 1977 के बाद मेरा अशोकनगर आना जाना शुरू हुआ। सन 1977 की हवा में मैं राघौगढ़ से चुनाव जीता और खुशलाल अहिरवार यहां से केवल 250 वोटों से चुनाव हारे थे।
लेकिन 80 के चुनाव में अहिरवार का टिकट कट गया और ग्वालियर से आयातित डॉ साहब यहां आए और विधायक बन गए। इसी तरह मुंगावली में हुआ।'

सिंह ने आगे कहा, 'हमें इस बात की खुशी है माधवराव सिंधिया के साथ मिलकर हम दोनों ने ग्वालियर-चंबल संभाग में बहुत काम किया। उनके देहांत के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी कांग्रेस पार्टी के आए। वे नैजवाना थे और मुझसे ग्वालियर में उनके बारे में पूछा गया तो मैंने कहा था कि ये हीरा है, तराशा जाएगा तो चमकेगा। हमने सिंधिया को तराशा भी लेकिन चमकने के बाद लोकसभा चुनाव में हार गए। उनका मन बैठ गया। हमने कहा दिग्विजय सिंह भी हार गए, इसमें कौन सी बड़ी बात हुई। असल योद्धा वो होता है जो हारकर भी फिर लड़ाई लड़ता है। वो क्या योद्धा होगा है जो जिनसे युद्ध हारे उन्हीं से जाके मिल जाए। किसे उम्मीद थी सिंधिया जिससे हारे उनकी पार्टी में ही चले गए।'

सिंह ने आगे कहा, 'आज आप सिंधिया की हालत देख रहे हैं। जो मान-सम्मान उन्हें कांग्रेस ने दिया... सोनिया गांधी जी ने दिया, राहुल और प्रियंका जी ने दिया है, वो सम्मान भाजपा के नेता कभी देने वाले। हम उन्हें महाराज-महाराज करते थे। भाजपा ने महाराज से भाई साहब बना दिया। कांग्रेस पार्टी और भाजपा में अंतर है। कांग्रेस आती है तो जमीनें बांटती है, गरीबों किसानों को लुटाती है, लेकिन भाजपा आती है तो लुटती है। गरीबों के जमीन पर कब्जा कराती है। एक यहां का विधायक अद्भुत है। कितना बहुरूपिता है और कितने वेश बदलता है वो जनता जानती है।उनका काम है केवल अशोकनगर में जमीन हड़पो, कभी मंदिर की कभी सरकारी जमीन हड़पो और कॉलोनी काटो। कांग्रेस पार्टी यदि सरकार में आएगी तो एक-एक का हिसाब करेगी। गरीबों की जमीन हड़पने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।'

कार्यक्रम के दौरान पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि, 'भाजपा सरकार ने 220 महीने में 250 घोटाले किए हैं। मैं शिवराज सिंह से पूछता हूं कि अपने 18 साल में क्या दिया। इन दिनों में उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार भर्ती घोटाले, माफिया राज, बलात्कार व बाल अपराधी बड़े। साथ ही माफिया राज और घर-घर शराब दी। इनके पास अब पुलिस पैसा और प्रशासन बचा है। अब छुपाने डराने की राजनीति समाप्त होने वाली है। आप पूछते हैं की कमलनाथ ने क्या किया? हमारी 15 महीने की सरकार थी। साढे तीन महीने आचार संहिता में गए। साढ़े 11 महीने में हमने नीति और रिति का परिचय दिया।'

पीसीसी चीफ ने कहा, ' हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। अशोकनगर में ही 20 हजार किसानों का पहली बार में कर्ज माफ हुआ था। दूसरी किस्त भी चालू थी। मध्य प्रदेश में मैंने सबसे अधिक 1000 गौशालाएं बनाई इतनी कभी नहीं बनी थी। शिवराज सिंह जी आप हमसे हिसाब मांग रहे हैं। हिसाब जनता देगी, अब आपका समय आ गया है। 18 साल के बाद आपको कर्मचारी नौजवान याद आ रही है पर यह मत सोचिएगा की आप मध्य प्रदेश के मतदाता को गुमराह कर पाएंगे। हमने वचन दिया है कि जैसे ही सरकार आती है हम आपको गैस सिलेंडर 450 में देंगे। फिर से किसानों का कर्ज माफ करेंगे 100 यूनिट बिजली माफ एवं 200 यूनिट हाफ करेंगे। नौजवान को रोजगार देंगे। पिछड़ा वर्ग को 27% आरक्षण के लिए भी वचनबद्ध हूं।'