हनुवंतिया में पैराग्लाइडिंग के दौरान दो लोगों की मौत, डेढ़ सौ फीट की ऊंचाई से गिरे

मृतक में से एक इवेंट कंपनी सन ड्रेजर्स का कर्मचारी है जबकि एक कंपनी के ठेकेदार का भाई, दुर्घटना के समय कंपनी में कार्यरत कर्मचारी ही पायलेटिंग कर रहा था

Updated: Jan 21, 2021, 02:07 AM IST

Photo Courtesy: Twitter
Photo Courtesy: Twitter

भोपाल/खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में हृदय विदारक घटना में दो लोगों की मौत हो गई है। बुधवार शाम खंडवा के पर्यटन स्थल हनुवंतिया में पैराग्लाइडिंग के दौरान दो लोग मशीन के साथ नीचे गिर गए। यह दुर्घटना मशीन में आई खराबी ‌के कारण हुई। दुर्घटना में मारे गए दोनों लोग करीब 150 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरे। 

दरअसल बुधवार शाम हनुवंतिया में चल रहे जल महोत्सव के दौरान सन ड्रेजर्स नामक इवेंट कंपनी में कार्यरत कर्मचारी बालचंद दांगी और कंपनी के ठेकेदार के भाई गजपाल सिंह ने पैराग्लाइडिंग करने का मन बनाया। शाम करीबन पांच बजे के बाद बालचंद दांगी और गजपाल सिंह ने पैराग्लाइडिंग करनी शुरू की। बालचंद पायलेटिंग कर रहे थे, जबकि ग्जपाल बैठ गए। 

पैराग्लाइडिंग शुरू ही हुई थी कि थोड़ी देर बाद डेढ़ सौ फ़ीट की ऊंचाई पर आवाज़ सुनाई दी। दोनों मशीन के साथ खेत में जा गिरे थे। जब लोग वहां पहुंचे तो देखा कि मशीन टूट कर अलग पड़ी हुई थी और दोनों का पैराशूट भी कहीं और था। दोनों को बेसुध अवस्था में पड़ा देख उन्हें आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

कैसे हुआ हादसा 

दोनों व्यक्तियों की मौत ख़राब पैराग्लाइडिंग मशीन को ही माना जा रहा है। पैराग्लाइडिंग मशीन को बिना आराम दिए लगातार उड़ाया जाना ही बालचंद और घनश्याम के लिए काल बन गया। खंडवा जिले के कलेक्टर अनय द्विवेदी ने मामले के सामने आने के बाद तुरंत मजेस्टरियल जांच के आदेश दे दिए हैं। एसडीएम को इस पूरे मामले की जांच की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही उन लोगों से जिनके पास घटना से संबंधित किसी तरह का कोई साक्ष्य या वीडियो हो, उसे तुरंत उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया है।