मायके से नहीं लौटी पत्नी, गुस्साए पति ने बच्चों पर किया जानलेवा हमला, पति गिरफ्तार

पत्नी होली के बाद भाई दूज पर मायके गई थी, पति उसको मायके लेने गया था, पत्नी ने पति और बच्चों के पास जाने से मना किया था इसी बात पर गुस्साए पति ने ये प्राणघात हमला किया।

Publish: Mar 12, 2023, 09:44 AM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पत्नी द्वारा मायके से वापस लौटने से इनकार करने पर गुस्साए पति  ने अपने ही बच्चों पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या के प्रयास के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक घटना जबलपुर के गंगा नगर की बताई जा रही है, अपराधी पति के नाम की पुष्टि सुंदर चौधरी के रूप में हुई है। युवक की पत्नी होली के बाद भाई दूज पर मायके गई थी। इसी के बाद आरोपी पति शनिवार को पत्नी को लेने मायके पहुंचा तो उसने आने से इनकार कर दिया। पत्नी द्वारा इनकार किए जाने पर पति आवेश में वापस घर आया और बच्चों पर हमला कर दिया।

जबलपुर के संजीवनीनगर की थाना प्रभारी शोभना मिश्रा ने बताया कि नरसिंहपुर निवासी सुंदर चौधरी दो माह पूर्व से क्षेत्र के गंगा नगर में किराए का मकान लेकर परिवार सहित रहता था। पत्नी होली के बाद मनाई जाने वाली भाई दूज पर गुरुवार को मायके गई थी। आरोपी सुंदर शुक्रवार दोपहर पत्नी को लेने मायके पहुंचा तो उसने आने से इनकार कर दिया। इससे गुस्साए सुंदर ने अपने पांच साल के बेटे मयंक तथा चार साल के बेटे महेंद्र पर हत्या की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार से मयंक के गले तथा महेंद्र के हाथ में चोट आई है। घायल बच्चों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया है।

पुलिस ने आरोपी पति सुंदर चौधरी को रविवार को धारा 307 के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।