भोपाल में महिला कांग्रेस ने किया कोरोना मृतकों का तर्पण, नर्मदा में होगा अस्थियों का विसर्जन 

गायत्री शक्तिपीठ में कोरोना मृतकों के लिए प्रदेश महिला कांग्रेस का हिन्दू रीति से कार्यक्रम, अर्चना जायसवाल ने खुद की पूजा, पूरे प्रदेश में चल रहा अभियान

Updated: Sep 29, 2021, 09:17 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस ने कोरोना काल में दिवंगत हुई आत्माओं की शांति के लिए पितृ पक्ष के दौरान बुधवार को तर्पण कार्यक्रम रखा। पूजन भोपाल के गायत्री शक्तिपीठ में महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अर्चना जायसवाल की मौजूदगी में किया गया। हिन्दू रीति रिवाज के साथ पूजन के बाद महिला कांग्रेस उन अस्थियों का नर्मदा में विसर्जन भी करेगी जिन्हें ले जाने कोई नहीं आया और साथ ही उन सभी मृत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना भी करेगी। 

जायसवाल ने बताया कि कोरोना काल में कई लोग बीमारी से ग्रसित हो कर असमय मृत्यु का शिकार हो गए और उनमें से कई ऐसे थे जिनका कोई सहारा नहीं था। इसलिए ऐसे गरीब, बेसहारा, ज्ञात और अज्ञात मृतकों की शांति के लिए यह तर्पण, पिंडदान और श्रद्धांजलि कार्यक्रम करवाया जा रहा है। 

जायसवाल ने आगे बताया कि ‘कई ऐसे परिवार भी थे जिनके सभी सदस्य महामारी का शिकार होकर स्वर्ग सिधार गए। ऐसे में उनके तर्पण या मुक्ति पूजन के लिए कोई नहीं बचा। कई लोग अपने प्रियजनों का क्रिया कर्म नहीं कर पाए। ऐसे में यह हमारा सामाजिक दायित्व बनता है कि अभी श्राद्घ पक्ष में हम उनकी मुक्ति के लिए विधि विधान के साथ तर्पण करें। यह कार्यक्रम पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है।’

यह भी पढ़ें: फर्जी है पीएम मोदी को सबसे चहेते बताने वाली तस्वीर, प्रोपेगैंडा के चक्कर में IT सेल ने भद्द पिटा दी

उन्होंने बताया की महिला कांग्रेस ना सिर्फ अपने देश बल्कि पूरे विश्व के दिवंगत भाई-बहनों की आत्मा की शांति एवं मुक्ति के लिए तर्पण का कार्य कर रही है।