अडानी-अंबानी ने बड़े से बड़े नेता खरीद लिए, लेकिन मेरे भाई को नहीं खरीद पाए: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने कहा कि राहुल गांधी की छवि को खराब करने के लिए सरकार ने करोड़ों रुपए खर्च किए, लेकिन ये सच्चाई से पीछे नहीं हटे। अडानी जी और अंबानी जी ने देश के सारे नेताओं को खरीद लिया, लेकिन मेरे भाई को नहीं खरीद पाए और ना कभी खरीद पाएंगे।

Updated: Jan 03, 2023, 09:10 AM IST

गाजियाबाद। भारत जोड़ो यात्रा एक बार फिर से शुरू हो गई है। मंगलवार को कड़ाके की ठंड में भी लाखों की संख्या में लोग भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए हैं। लोगों में यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह दिख रहा है। गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से प्रियंका गांधी यात्रा में शामिल हुईं थीं। यूपी प्रवेश के दौरान गाजियाबाद में मंच से प्रियंका गांधी ने कहा कि अडानी और अंबानी मेरे भाई को नहीं खरीद पाए।

गाजियाबाद में मंच संभालते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, "मेरे बड़े भाई... इधर देखो, सबसे ज्यादा गर्व आप पर है। सत्ता का पूरा जोर लगाया गया। सरकार ने हजारों करोड़ रुपए खर्चें। इनकी छवि को खराब करने के लिए। लेकिन ये डरे नहीं। इन पर एजेंसी लगाईं गईं। योद्धा हैं... योद्धा हैं। अडानी जी-अंबानी जी ने बड़े से बड़े नेता खरीद लिए। देश के सभी PSU खरीद लिए। देश की मीडिया खरीद ली। लेकिन मेरे भाई को नहीं खरीद पाए। न कभी खरीद पाएंगे।"

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आगे कहा, "कोई मुझसे पूछ रहा था कि आपके भाई को ठंड नहीं लगती। आपको डर नहीं लगता, इनकी सुरक्षा के लिए। मेरा जवाब ये है कि ये सत्य का कवच पहनकर चल रहे हैं। भगवान इनको सुरक्षित रखेगा। सब साथ चलिए। एकता, संभावना, प्यार का पैगाम लेकर चलिए।" इसके बाद मंच से दोनों (राहुल और प्रियंका) ने लोगों का अभिवादन किया।

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी को मिला राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी का आशीर्वाद, पत्र लिखकर कहा- आप अपने लक्ष्य में सफल हों

मंच पर राहुल और प्रियंका गांधी एक साथ ही पहुंचे। इस दौरान, दोनों कांग्रेस नेता से ज्यादा भाई-बहन की तरह नजर आए। प्रियंका के कंधे पर हाथ रखे हुए राहुल एक भाई की तरह दुलार दिखाते रहे। मंच पर बैठकर भी राहुल अपनी बहन को दुलारते दिखे।

आज यात्रा में पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू की भतीजी 78 वर्षीय दीपा कौल भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं हैं। कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते हुए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा की उत्तर प्रदेश की हवाएं बता रही हैं, जल्द मौसम बदलने वाला है। शिवसेना की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी भी आज राहुल के साथ कदमताल करते दिखीं। यात्रा शाम 5 से 6 बजे के बीच बागपत में एंट्री करके मवी कलां में नाइट स्टे करेगी।