अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एयर इंडिया का यात्री विमान क्रैश हो गया है। बताया जा रहा है कि विमान में 242 यात्री सवार थे।
बताया जा रहा है कि एयर इंडिया का ड्रीमलाइनर प्लेन अहमदाबाद से लंदन जा रहा था। एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 ने दोपहर 1.38 बजे उड़ान भरी थी। दोपहर 1.40 बजे यह क्रैश हो गई।
टेक ऑफ के दी मिनट बाद ही यह हादसा हुआ जब विमान 600 फीट की ऊंचाई पर था। इस हादसे में 50 से अधिक यात्रियों की मौत की सूचना है। बताया जा रहा है कि गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपानी भी इस विमान में सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सूरत से अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह भी अहमदाबाद पहुंच रहे हैं। राहत और बचाव कर्मियों की कई टीमें भी एयरपोर्ट भेजी गई हैं।
एयर इंडिया ने पुष्टि की है कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक जाने वाली फ्लाइट AI171 आज उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। एयर इंडिया ने कहा कि अहमदाबाद से 1338 बजे रवाना हुई इस फ्लाइट में बोइंग 787-8 विमान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। इनमें से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया जा रहा है हमने अधिक जानकारी प्रदान करने के लिए एक समर्पित यात्री हॉटलाइन नंबर 1800 5691 444 भी स्थापित किया है।