कोई भी मशीन जिसमें चिप लगी हो उसे हैक किया जा सकता है, दिग्विजय सिंह ने दोहराई VVPAT से काउंटिंग की मांग

कांग्रेस की तरफ़ से इवीएम को लेकर बनायी गयी कमेटी को लीड कर रहे सांसद दिग्विजय सिंह ने ECI को सुझाव दिया कि VVPAT से निकली पर्ची बॉक्स में रखने के लिए वोटर को देना चाहिए और पर्ची गणना के बाद परिणाम घोषित होने चाहिए।

Updated: Feb 19, 2023, 09:22 AM IST

नई दिल्ली। देश में आगामी लोकसभा चुनाव से पहले निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को लेकर बहस छिड़ गई है। इसी बीच एक इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट में पता चला है कि इजराइल के हैकर्स दुनियाभर में 30 से ज्यादा देशों में चुनावी धांधली कर रहे हैं। इन 30 देशों में भारत भी शामिल है। रिपोर्ट सामने आने के बाद कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने निर्वाचन आयोग से मांग की है कि यदि ईवीएम से चुनाव कराना ही है तो काउंटिंग VVPAT से हो ताकि चुनाव में पारदर्शिता बरकरार रहे।

कांग्रेस की ओर से EVM को लेकर बनाई गई कमेटी को लीड कर रहे दिग्विजय सिंह ने एक ट्वीट थ्रेड में लिखा, "चुनाव में धांधली BJP करती आई है। EVM हैक की भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। केंद्रीय चुनाव से हमारी माँग है कि वीवीपेट स्लिप 7 सेकंड दिखा कर डब्बे में गिराने के बजाय मतदाता के हाथ में दे दें और वह वीवीपेट स्लिप बिना “चिप” की मत पेटी (Ballot Box) में डाल दें। मत पेटी की वीवीपेट स्लिप की गिनती हो जाए।"

सिंह ने आगे लिखा, "क्योंकि कोई भी मशीन जिसमें “चिप” लगी हो उसे हैक किया जा सकता है। इस विषय में कई प्रश्न केंद्रीय चुनाव आयोग से पूछे गए हैं जिनका आज तक कोई उत्तर नहीं दिया गया है। देश के अधिकांश राजनीतिक दल EVM से चुनाव कराए जाने पर भरोसा नहीं करते।"

दरअसल, ईवीएम में वोट डालने के बाद VVPAT से एक पर्ची निकलती है। इस पर्ची पर चुनाव निशान देखकर मतदाता आश्वस्त हो सकते हैं कि उनका वोट उसी उम्मीदवार को गया है, जिसके सामने का बटन उन्होंने ईवीएम मशीन में दबाया। फिलहाल यह पर्ची खुद से बॉक्स में चली जाती है। सिंह चाहते हैं कि पर्ची लोगों को दिया जाए और वे उसे बॉक्स में डालें। बाद में पर्ची गिनकर नतीजों का ऐलान किया जाए।