गुवाहाटी। बीजेपी शासित असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने जिहाद को लेकर अजीबोगरीब बयान दिया है। सीएम ने कहा है कि अगर हिंदू धर्म का लड़का किसी हिंदू लड़की से झूठ बोलता है तो यह भी एक जिहाद है। इतना ही नहीं उन्होंने इसके खिलाफ कानून लाने की भी बात कही है ताकि अपने धर्म की लड़की से झूठ बोलने वाले हिंदू लड़कों को सजा दी जा सके।

हिमंत बिस्व सरमा ने राज्य में अपनी सरकार बनने के दो महीना पूरा होने के अवसर पर शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि, 'हिंदुत्व जीवन का एक तरीका है।  मैं या कोई इसे कैसे रोक सकता है? यह युगों से बह रहा है। लगभग हम सभी लोग हिंदुओं के ही वंशज हैं। एक ईसाई या मुसलमान भी किसी समय हिंदुओं से ही निकला है।'

यह भी पढ़ें: UP में भाजपाइयों की गुंडागर्दी जारी, इटावा एसपी को मारा थप्पड़, बम लेकर घूम रहे जिलाध्यक्ष

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि हिंदुत्व की शुरुआत 5,000 साल पहले हुई थी। उन्होंने कहा की मतलब होगा अपनी जड़ों और मातृभूमि से दूर जाना। लव जिहाद को लेकर बात करते हुए सरमा ने कहा कि, 'मुझे इस शब्द को लेकर आपत्ति है। लेकिन किसी भी महिला को धोखा देने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हिंदू लड़के का हिंदू लड़की से झूठ बोलना भी जिहाद है और हम इसके खिलाफ कानून लाएंगे। सरकार किसी भी महिला को किसी के द्वारा धोखा दिए जाने को बर्दाश्त नहीं करेगी, चाहे वह हिंदू हो या मुस्लिम। हमारी बहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।'