नई दिल्ली। असम पुलिस ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर छापेमारी की है। हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी द्वारा FIR दर्ज कराए जाने के एक दिन बाद, असम पुलिस कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंची। दिल्ली पुलिस असम से आए अधिकारियों की सहायता कर रही है। 

नियमों के मुताबिक, अगर किसी एक राज्य की पुलिस दूसरे राज्य में जाती है, तो स्थानीय पुलिस को सूचित करना होता है। दिल्ली पुलिस को सूचित कर दिया गया, जिसके बाद राष्ट्रीय राजधानी के पुलिस अधिकारी असम पुलिस की टीम की सहायता कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, पवन खेड़ा अपने आवास पर मौजूद नहीं हैं। हाल ही में पवन खेड़ा ने असम सीएम की पत्नी के पासपोर्ट को लेकर प्रेस का कॉन्फ्रेंस किया था और कई आरोप लगाए थे। उसी मामले में असम पुलिस दिल्ली पहुंची है। पवन खेड़ा पर पुलिस की कार्रवाई पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि आरोप लगाने से पहले उन्हें विदेश मंत्री से पूछना चाहिए था। खरगे जी की उम्र हो गई है, फिर भी वे इस तरह बोलते हैं।

सरमा ने आगे कहा कि असम पुलिस पाताल से भी लोगों को ढूंढकर ला सकती है। मुझे शक है कि राहुल गांधी ने उन्हें ये डॉक्यूमेंट्स दिए हैं। इसलिए यह केस राहुल गांधी तक जाएगा। हमें डराने की कोशिश मत करो। यह असम है और हमने 17 बार इस्लामिक हमले के खिलाफ लड़ाई लड़ी है।

बता दें कि पवन खेड़ा ने कहा था कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी के पास तीन देश के अलग-अलग पासपोर्ट है, जो चालू पासपोर्ट है, जिसकी अभी एक्सपायरी नहीं हुई है। इस बयान के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि जो पासपोर्ट वह दिखा रहे हैं, वह एडिटिंग की गई है। इसको लेकर उन्होंने पवन खेड़ा पर मानहानि केस करने की बात भी कही थी। अब असम पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।