एयर इंडिया फ्लाइट के बिजनेस क्लास में मिला चमगादड़, दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग

अमेरिका के नेवार्क जा रही थी एयर इंडिया की फ्लाइट, अचानक विमान के भीतर चमगादड़ मिलने से सनसनी, दिल्ली एयरपोर्ट पर वापस लैंड कराया गया

Updated: May 29, 2021, 10:21 AM IST

Photo Courtesy: India Today
Photo Courtesy: India Today

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली से उड़ान भरने के बाद एयर इंडिया के एक विमान को आधे घंटे में वापस लैंड करना करना पड़ा। इस इमरजेंसी लैंडिंग के पीछे एक बेहद अजीबोगरीब कारण बताया जा रहा है। दरअसल, आसमान में उड़ रहे विमान के भीतर एक चमगादड़ आ गया था। फ्लाइट के बिजनेस क्लास में चमगादड़ मिलने से सनसनी मच गई और एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने उसे तत्काल वापस बुला लिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक एयर इंडिया की फ्लाइट AL-105 DEL-EWR विमान गुरुवार को सुबह करीब 2:20 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से नेवार्क (अमेरिका) के लिए उड़ान भरी थी। विमान के उड़ान भरे अभी 30 मिनट ही हुए थे कि क्रू मेंबर्स को उसमें एक चमगादड़ दिखा। बिजनेस क्लास में चमगादड़ मिलने की सूचना क्रू मेंबर्स ने तत्काल केबिन को दी।

यह भी पढ़ें: सिंधिया पहुंचे दुबई, कांग्रेस बोली- चिट्ठी न कोई संदेश, जाने वो कौन सा देश, जहां तुम चले गए

विमान के पायलट ने फ्लाइट के भीतर चमगादड़ होने की सूचना दिल्ली ट्रैफिक कंट्रोल को दी जिसके बाद विमान के लिए लोकल स्टैंडबाय इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान को ट्रैफिक कंट्रोल से निर्देश मिला कि उसे वापस लाया जाए। इसके बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर उसे दुबारा लैंड कराया गया। विमान से चमगादड़ को बाहर निकालने के लिए वन्यजीव विभाग के कर्मचारियों को बुलाया गया। 

भारतीय विमानन नियामक डीजीसीए के अधिकारियों ने बताया कि विमान में धुआं करने के बाद मरे हुए चमगादड़ को वापस निकाला गया। वहीं विमान के यात्रियों को दूसरे विमान में शिफ्ट करके नेवार्क के लिए रवाना किया गया। DGCA ने मामले की जांच कर इंजीनियरिंग टीम को पूरी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि केटरिंग वाहनों की लोडिंग के समय चमगादड़ ने फ्लाइट के भीतर प्रवेश किया होगा।