बिहार के पूर्व सीएम सतीश प्रसाद सिंह का निधन, कुछ दिनों पहले हुआ था कोरोना का संक्रमण

लंबे समय से बीमार चल रहे सतीश प्रसाद सिंह को कुछ दिनों पहले कोरोना संक्रमण भी हुआ था, दिल्ली के अस्पताल में ली अंतिम सास

Updated: Nov 02, 2020, 10:18 PM IST

Photo Courtesy: Live Hindustan
Photo Courtesy: Live Hindustan

पटना/नई दिल्ली। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सतीश प्रसाद सिंह का निधन हो गया है। 89 वर्ष के सतीश प्रसाद सिंह ने सोमवार की दोपहर दिल्ली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। लंबे अरसे से बीमार चल रहे सतीश प्रसाद सिंह लम्बे समय से बीमार चल रहे थे और कुछ दिनों पहले उन्हें कोरोना का संक्रमण भी हो गया था। इसी 27 अक्टूबर को उनकी पत्नी ज्ञानकला देवी का भी निधन हो गया था। 

सतीश प्रसाद सिंह बिहार के सबसे कम दिनों तक पद पर रहने वाले मुख्यमंत्री थे। वे महज़ पांच दिनों के लिए राज्य के मुख्यमंत्री बने थे। दरअसल 1967 में बिहार में पहली बार गैर कांग्रेसी सरकार बनी थी। तब महामाया प्रसाद सिन्हा को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया था। लेकिन एक साल के बाद उन्हें अपने पद से इस्तीफ़ा देना पड़ा। जिसके बाद संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी के नेता सतीश प्रसाद सिंह को मुख्यमंत्री बनाया गया। लेकिन सतीश प्रसाद सिंह केवल पांच दिन ही बिहार के मुख्यमंत्री रह पाए। उनके बाद कुर्सी बीपी मंडल के पास चली गई। 

यह भी पढ़ें: आखिरी ख़त में भारतीय राजनीति को दिशा दिखा गए रघुवंश प्रसाद सिंह

सतीश प्रसाद सिंह 1980 में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर खगड़िया लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। अपने राजनीतिक करियर के अंत में उन्होंने कुछ दिन बीजेपी का भी दामन थामा। लेकिन पार्टी में अपने जातीय समुदाय को जगह न दिए जाने आरोप लगाते हुए 2013 में उन्होंने बीजेपी छोड़ दी।