मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के लिए भाजपा ने नियुक्त किए पर्यवेक्षक, सीएम पद के दावेदारों ने बढ़ाई चिंता

भाजपा ने मध्य प्रदेश में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के लक्ष्मण और आशा लाकड़ा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। राजस्थान के लिए भाजपा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सरोज पांडेय और विनोद तावड़े के नामों को शामिल किया है।

Updated: Dec 08, 2023, 12:28 PM IST

नई दिल्ली। तीन राज्यों में मिली अप्रत्याशित जीत के बाद भाजपा में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर विचार-मंथन का दौर जारी है। भारतीय जनता पार्टी ने आज राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के लिए अपने पर्यवेक्षकों का एलान कर दिया है।

मध्य प्रदेश के लिए भाजपा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर, भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. लक्ष्मण और पार्टी की राष्ट्रीय सचिव आशा लकड़ा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। माना जा रहा है कि ये तीनों नेता विधायकों से वन टू वन चर्चा कर सकते हैं।

बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश में भाजपा नए ओबीसी चेहरे पर विचार कर रही है। यही वजह है कि शीर्ष नेतृत्व ने नए चुने गए ओबीसी विधायकों की लिस्ट मांगी है। भाजपा ने 10 दिसंबर को विधायक दल की बैठक बुलाई है। इस बैठक में विधायकों से रायशुमारी के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा, इसकी घोषणा की जाएगी।

पार्टी की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, राजस्थान में विधायक दल के नेता के चयन के लिए पर्यवेक्षकों के रूप में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और राज्यसभा सांसद सरोज पांडे की नियुक्ति की गई है।जबकि छत्तीसगढ़ में विधायक दल के नेता के चयन के लिए केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और सर्वानंद सोनावाल तथा पार्टी महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम को केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया है।