कर्णाटक की तरह हर राज्य में भाजपा को हराया जा सकता है, शरद पवार ने बताया फॉर्मूला

एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने कहा, 'कर्नाटक विधानसभा चुनाव ने एक संदेश दिया है। हमें दूसरे राज्यों में कर्नाटक जैसी स्थिति पैदा करने पर काम करने की जरूरत है। कांग्रेस ने अकेले कर्नाटक में भाजपा का विकल्प दिया है।'

Updated: May 15, 2023, 01:43 PM IST

मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि कर्नाटक की तरह सभी राज्यों में भाजपा को हराया जा सकता है। पवार ने इसके लिए कॉमन मिनिमम प्रोग्राम (CMP) के फॉर्मूले पर चुनाव लड़ने की वकालत की। उन्होंने कहा कि कर्नाटक ने पूरे देश को संदेश दिया है। दूसरे राज्यों में भी यह मॉडल लागू हो सकता है।

शरद पवार मुंबई में अपने आवास पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के नेता डी राजा से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने भाजपा का विकल्प उपलब्ध कराने पर विचार-विमर्श किया। पवार ने कहा, 'कर्नाटक विधानसभा चुनावों ने संदेश दे दिया है। हमें अन्य राज्यों में भी कर्नाटक जैसी स्थिति बनाने पर काम करने की जरूरत है। अन्य राज्यों में समान विचारधारा वाले दलों को एक साथ आना चाहिए और बीजेपी को हराना चाहिए।'

पवार ने कहा कि, 'कर्नाटक में कांग्रेस अपने बलबूते पर भाजपा का विकल्प बन गई है, लेकिन अन्य राज्यों में समान विचारधारा वाली पार्टियों को साझा न्यूनतम कार्यक्रम पर काम करना होगा। हम दोनों मोर्चों (कर्नाटक जैसी रणनीति बनाने और सीएमपी) पर काम करेंगे और हम यह प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं।'

इस मौके पर डी. राजा ने भी भाजपा को हराने के लिए आपसी समझबूझ के बारे में बात की। उन्होंने कर्नाटक चुनाव का जिक्र करते हुए कहा, 'राज्य स्तरीय रणनीति बनाई जा सकती है। अब हम दिल्ली में बातचीत के लिए कुछ समय निकाल सकते हैं। भाजपा को हराया जा सकता है और वह 2024 का लोकसभा चुनाव व राज्य (महाराष्ट्र) का चुनाव हारेगी। यह मिथक टूट गया है कि पार्टी (भाजपा) अजेय है।'

कर्नाटक में कांग्रेस ने 224 में से 135 सीट जीती, जबकि सत्तारूढ़ भाजपा और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के नेतृत्व वाली जनता दल (सेक्युलर) को क्रमशः 66 और 19 सीट हासिल हुई।