कर्नाटक में जो किया उसे दोहराने जा रहे हैं, मध्य प्रदेश में जीतेंगे 150 सीटें, राहुल गांधी का बड़ा बयान

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राहुल गांधी ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने मीडिया से कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य में 150 सीटें जीतेगी।

Updated: May 29, 2023, 03:33 PM IST

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर हाईकमान के साथ दिल्ली में स्थानीय कांग्रेस नेताओं की बैठक संपन्न हुई। बैठक के बाद राहुल गांधी की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस 150 सीटें जीतने वाली है।

एआईसीसी मुख्यालय में आयोजित इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह समेत एमपी कांग्रेस के कई सीनियर नेता मौजूद थे। दरअसल, एमपी में इस साल के आखिर में चुनाव है। इसी के मद्देनजर ये बैठक बुलाई गई थी।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव को लेकर हुई बैठक पर पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, "हमारी लंबी चर्चा चली, हमारा आंतरिक आंकलन है कि हमें कर्नाटक में 136 सीटें मिली, हमें मध्य प्रदेश में 150 सीटें मिलने वाली है। हमने जो कर्नाटक में किया उसे हम दोहराएंगे।" सीएम फेस से जुड़े सवाल पर राहुल गांधी ने फिर से कहा कि हम 150 सीटें जीतने वाले हैं।

पार्टी अध्यक्ष खड़गे, राहुल गांधी व अन्य नेताओं के साथ बैठक के बाद मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा, "अभी बेहद महत्वपूर्ण बैठक हुई। चुनाव में कैसी रणनीति बनाई जाए, मध्य प्रदेश का भविष्य कैसे सुरक्षित रखा जाए इस पर चर्चा हुई। जो राहुल गांधी (एमपी में कांग्रेस को 150 सीटें मिलने के बयान) ने कहा है हम सभी उनकी बात से सहमत हैं।"

कमलनाथ ने आगे कहा, " आज प्रश्न केवल कांग्रेस पार्टी का नहीं है, बल्की पूरे मध्य प्रदेश के भविष्य का है। हम कैसा मध्य प्रदेश चाहते हैं? मुद्दों पर बात करें की कौन कौन से हमारे प्रमुख मुद्दे होंगे। किन मुद्दों के आधार पर हम चुनाव लडेंगे और इसमें एकता के साथ सभी लोग मैदान में उतरेंगे।"

कांग्रेस की ये बैठक 26 मई को होनी थी। कर्नाटक कैबिनेट विस्तार पर चर्चा के चलते इसे रीशेड्यूल किया गया था। इसी मीटिंग के बाद राहुल गांधी ने विधानसभा सीटों को लेकर बड़ा दावा किया। माना जा रहा है कि स्टेट यूनिट और पोल स्ट्रेटजिस्ट सुनील कानुगोलु से मिले फीडबैक के बाद उन्होंने ये बयान दिया है।

दरअसल, चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने विधानसभावार सर्वे भी कराए हैं। इसी सर्वे के आधार पर कांग्रेस दावा कर रही है कि मध्य प्रदेश में हम कर्नाटक से भी बड़ी जीत दर्ज करेंगे। रविवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस ने एक ट्वीट में कहा था कि भारतीय जनता पार्टी को इस बार सिर्फ 60 से 75 के बीच ही सीटें मिलेंगी।