शिमला नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की धमाकेदार जीत, दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर सकी बीजेपी

हिमाचल प्रदेश के शिमला नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत म‍िली है। नगर न‍िगम के 34 वार्डों में से कांग्रेस ने 24 पर जीत दर्ज की है। जबक‍ि बीजेपी महज 9 पर स‍िमट गई। एक वार्ड पर CPI (M) ने कब्‍जा जमाया।

Updated: May 05, 2023, 09:29 AM IST

शिमला। शिमला नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने धमाकेदार जीत दर्ज की है। वहीं भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। बीजेपी यहां दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार सकी। इस प्रचंड जीत से गदगद राहुल गांधी ने कहा कि अब कर्नाटक की बारी है। राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बब्बर शेर बताया है।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, "शिमला के नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत के लिए प्रदेश के हमारे सभी बब्बर शेर कार्यकर्ताओं, नेताओं, सदस्यों को बहुत बधाई। हिमाचल सरकार ने लोगों को दी गारंटी पूरी कर वादा निभाया, तभी शिमला ने कांग्रेस पर भरोसा जताया। अब कर्नाटक में, 5 गारंटी की बारी है।"

शिमला नगर निगम के 34 वॉर्ड पर हुए चुनाव के नतीजे गुरुवार को जारी हुए। कांग्रेस ने 34 वार्डों में से 24 पर एकतरफा जीत दर्ज की। जबकि, बीजेपी को श‍िमला नगर न‍िगम चुनाव में महज 9 वार्डों में जीत म‍िली। वहीं, CPI (M) ने 1 वार्ड में जीत दर्ज की। आम आदमी पार्टी ने भी यहां 21 सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारा था। हालांकि, AAP की करारी हार हुई और पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी।

शिमला नगर निगम में कांग्रेस की प्रचंड जीत पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। सुक्खू ने कहा, "मैं शिमला नगर निगम की जनता का धन्यवाद करना चाहता हूं। पिछले 10 साल में ये पहला चुनाव है, जो पार्टी चुनाव चिन्ह पर लड़ा गया है। 10 साल बाद नगर निगम में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर हम आए।"

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी इस ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने ट्वीट किया, "शिमला नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक जीत कांग्रेस की नीतियों एवं जनता के प्रति समर्पण की जीत है। इस भरोसे के लिए हम शिमला की जनता का धन्यवाद करते हैं। कड़ी मेहनत करने वाले सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मेरी शुभकामनाएं। कर्नाटका में भी कांग्रेस ने प्रगति की गारंटियाँ दी हैं। कर्नाटका की जनता से अपील है कि भारी बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनाइए।"