देश में फिर बढ़ने लगी कोरोना की रफ्तार, नए मामलों में 65 फीसदी की उछाल, पांच राज्यों को चेतावनी जारी

भारत में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2067 नए मामले सामने आए हैं..

Updated: Apr 20, 2022, 08:19 AM IST

नई दिल्ली। देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,067 नए मामले सामने आए हैं। कोविड केसों में 65.7 प्रतिशत उछाल देखा गया है। पिछले 24 घंटे में कोरोना से 40 लोगों की मौत हुई है। देश में बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए केंद्र ने दिल्ली समेत 5 राज्यों को आगाह किया है। 

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने मंगलवार को बढ़ते पॉजिटिविटी रेट पर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और मिजोरम को लेटर लिखा। इस लेटर में संक्रमण फैलने से रोकने के लिए सुरक्षा उपाय और निगरानी करने को कहा गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने राज्यों को फाइव फोल्ड स्ट्रैटजी पर काम करने को कहा है। इसमें टेस्ट, ट्रैक, ट्रीट, वैक्सीनेशन और कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर फॉलो करने की सलाह दी गई है।

यह भीं पढ़ें: जहांगीरपुरी में बुलडोजर ड्राइव पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक, यथास्थिति बरकरार रखने के आदेश

भारत में रोजाना आने वाले नए केसेस में राजधानी दिल्ली समेत इन 4 राज्यों का योगदान काफी अधिक है। यहां पॉजिटिविटी रेट में लगातार इजाफा देखा गया है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 632 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, पॉजिटिविटी रेट 4.42% दर्ज किया गया। ऐसे में माना जा रहा है कि स्कूल बंद करने संबंधी निर्णय लिया जा सकता है।। दिल्ली में 12 अप्रैल को खत्म हुए हफ्ते में नए मामलों की संख्या 998 थी, जो 19 अप्रैल को बढ़कर 2,671 हो गई है। 

देश में वर्तमान में एक्टिव केस 12 हजार 340 है।कोरोना से पिछले 24 घंटे में 1547 लोग ठीक हुए हैं।  मंगलवार को 1,247 नए मामले सामने आए थे। रिकवरी दर वर्तमान में 98.76% है। डेली पॉजिटिवटी रेट 0.49% है. विकली पॉजिटिवटी रेट 0.38% है।