दिल्ली में आज से महीनेभर का नाइट कर्फ्यू , रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक पाबंदी

दिल्ली में 30 अप्रैल तक रहेगा रात्रिकालीन कर्फ़्यू, किराना, दवाई और फल दुकानदारों को ई-पास के ज़रिए दुकान खोलने की परमिशन

Updated: Apr 06, 2021, 07:48 AM IST

Photo Courtesy: twitter
Photo Courtesy: twitter

दिल्ली। बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने आज से नाइट कर्फ्यू की घोषणा की है। रात 10 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया जाएगा। आज यानी मंगलवार से लागू यह सख्ती 30 अप्रैल तक जारी रहेगी।

इसके लिए सरकार ने गाइडलाइन भी जारी कर दिया है। ट्रैफिक मूवमेंट जारी रहेगा। वैक्सीन लगाई जा सकेगी। ई पास लेकर जरूरी काम के लिए मूवमेंट किया जा सकेगा। दुकानदारों को ईपास दिया जाएगा।  आवश्यक वस्तुओं जैसे किराना, फल सब्जी, दूध, दवा से विक्रेताओं को ई-पास मिलेगा, जिसे दिखाकर वे आना-जाना कर सकेंगे।

मीडिया कर्मियों को भी पास जारी होगा, उन्हें भी मूवमेंट की परमीशन होगी। यह सुविधा प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को मिलेगी। वहीं पहचान पत्र दिखाने पर स्वास्थ्यकर्मियों, प्राइवेट डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ को जाने दिया जाएगा। यात्रियों को टिकट दिखाने पर एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन जाने की छूट होगी, बीमार और गर्भवती महिलाओं को भी छूट रहेगी।दिल्ली में बीते 24 घंटे में कोरोना के 3,548 नए मरीज मिले हैं। एक दिन में कोरोना से 15 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली में एक्टिव मरीजों की संख्या 14,589 है।

वहीं सोमवार को कोरोना के 96,982 नए मरीज मिले हैं। जो कि रविवार को एक लाख से ज्यादा थे। अब देश में कुल पॉजिटिव मरीज एक करोड़ 26 लाख 86 हजार 49 तक पहुंच गए हैं। बीते 24 घंटों में कुल 446 लोगों की जान गई है। साल भर में कोरोना से एक लाख 65 हजार 547 लोगों ने दम तोड़ा है। कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या 7 लाख 88 हजार 223 है। जबकि 8 करोड़ 31 लाख 10 हजार 926 लोगों का वैक्सीनेशन हो गया है।