Uttar Pradesh: संभल जिला अस्पताल में शव को कुत्ते ने नोचा, सोशल मीडिया में वायरल हुआ वीडियो

सड़क हादसे में मृत लड़की के शव को लावारिस छोड़ा, स्ट्रेचर पर पड़े शव को कुत्ते ने नोचा, वीडियो वायरल

Updated: Nov 26, 2020, 08:33 PM IST

Photo Courtesy: social media
Photo Courtesy: social media

संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में मानवता को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। यहां स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से एक शव को कुत्ते ने नोच डाला है। दरअसल सड़क दुर्घटना में मारी गई लड़की के शव को अस्पताल के कर्मचारियों ने लावारिस छोड़ दिया था। कुछ देर बाद कुत्ता वहां आया और शव को नोचने लगा। वहां खड़े किसी शख्स ने इसका वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो संभल के जिला अस्पताल का होने का दावा किया जा रहा है।

 

दरअसल असमोली थाना इलाके में एक दिन पहले सड़क हादसे में 13 साल की लड़की की मौत हो गई थी। जिसके बाद उसे संभल जिला संयुक्त चिकित्सालय पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। जिला अस्पताल में स्ट्रेचर पर रखे शव को एक कुत्ता नोचता रहा। लेकिन किसी ने उसकी तरफ ध्यान नहीं दिया। जब लड़की के पिता को इस बात का पता चला तो वे वहां पहुचे और कुत्ते को भगाया।

लड़की के पिता ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वीडियो में लापरवाही दिखाई दे रही है लेकिन मामले के जिम्मेदार अधिकारी पल्ला झाड़ रहे हैं। बाद में उन्होंने मामले की जांच के बात भी कही है।