पटना। पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में पहली बार महिला उम्मीदवारों का कब्जा रहा। सेंट्रल पैनल के 5 में से 3 पदों पर महिला उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। पटना विवि के 107 साल के इतिहास में पहली बार अध्यक्ष पद पर छात्रा ने जीत दर्ज की है। छात्र संघ चुनाव में ABVP की मैथिली मृणालिनी ने बाजी मारी है।
मैथिली मृणालिनी को अध्यक्ष पद के लिए चुनाव में 3524 वोट मिले हैं। वहीं NSUI के मनोरंजन कुमार को 2918 वोट मिले हैं। मैथिली ने 603 वोट से जीत दर्ज की है। अध्यक्ष पद पर तीसरे स्थान पर छात्र RJD की प्रियंका कुमारी को 1047 वोट मिले।
यह भी पढ़ें: वक्फ संशोधन बिल का देशभर में विरोध, अलविदा जुमा पर काली पट्टी बांधकर पढ़ी गई नमाज
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार धीरज और एवीबीपी के सगुन के बीच कांटे की टक्कर रही। धीरज 220 वोट से जीते। वहीं, महासचिव पद पर निर्दलीय उम्मीदवार सलोनी राज ने जीत दर्ज की है। सलोनी को 4271 वोट मिले हैं। दूसरे स्थान पर ABVP के अंकित कुमार को 1899 वोट मिले हैं।
संयुक्त सचिव के पद पर एनएसयूआई समर्थित उम्मीदवार रोहित सिंह ने जीत हासिल की। इसने जन सुराज समर्थित उम्मीदवार अनु कुमारी को 182 वोट से हराया। अनु की बहन ने धांधली का आरोप लगाकर मतदान केंद्र परिसर में हंगामा किया और धरने पर बैठ गई। रोहित को 2273 वोट मिले। इसके अलावा कोषाध्यक्ष पर सौम्या श्रीवास्तव को 2707 वोट मिले। वहीं दूसरे स्थान पर ओमजय यादव को 1806 वोट मिले हैं।
सेंट्रल पैनल के पांच पदों में दो पदों पर एनएसयूआई, दो पर निर्दलीय और एक पर एबीवीपी ने ने जीत हासिल की। मैथिली, सलोनी और सौम्या पटना वीमेंस कॉलेज की छात्रा रही हैं। इस बार के छात्र संघ चुनाव में 45.25% यानी कुल 8625 वोट डाले गए। पिछली बार 81.9% वोटिंग हुई। उससे पहले हुए छात्रसंघ चुनाव में 58.59 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। हर बार की तरह इस बार भी लड़कों से अधिक लड़कियों के बीच वोटिंग को लेकर उत्साह दिखा। कई कॉलेजों में कुछ छात्रों का नाम वोटर लिस्ट में नहीं था, सो उन्हें वोट डालने नहीं दिया गया।