पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी कोरोना पॉजिटिव

क़रीब 80 साल के एंटनी और उनकी पत्नी कोरोना से संक्रमित होकर दिल्ली के AIIMS में भर्ती हैं

Updated: Nov 19, 2020, 12:25 AM IST

Photo Courtesy : Outlookhindi.com
Photo Courtesy : Outlookhindi.com

नई दिल्ली। पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एके एंटनी की पत्नी एलिज़ाबेथ एंटनी भी कोरोना से संक्रमित हो गई हैं। दोनों को दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती किया गया है। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर है। 

एके एंटनी और उनकी पत्नी के कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना बुधवार शाम उनके बेटे अनिल एंटनी ने दी। अनिल एंटनी ने ट्वीटर पर लिखा, मेरे पिता एके एंटनी और मां एलिज़ाबेथ एंटनी दोनों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वे दोनों दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती हैं। दोनों की हालत अभी स्थिर है। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करें।  

बता दें कि करीब अस्सी साल के एके एंटनी मनमोहन सरकार में रक्षा मंत्री का कार्यभार संभाल चुके हैं। एंटनी तीन दफा केरल के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। एके एंटनी 1977 में पहली बार केरल के मुख्यमंत्री बने थे। तब उनकी उम्र महज़ 36 वर्ष थी। केरल के सबसे युवा मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड भी एके एंटनी के ही नाम दर्ज है।