Loksabha Elections 2024: आखिरी तीन चरणों के लिए विपक्ष ने झोंकी ताकत, UP-बिहार में दिग्विजय सिंह करेंगे कैंपेन

मध्य प्रदेश में वोटिंग संपन्न होने के बाद अब उत्तर प्रदेश और बिहार के दौरे पर रहेंगे दिग्विजय सिंह, झांसी, प्रतापगढ़, महाराजगंज समेत कई सीटें पर करेंगे कैंपेन

Updated: May 14, 2024, 07:33 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान सोमवार को संपन्न हो गया। इसी के साथ चार चरणों में 379 सीटों पर मतदान हो गए हैं। शेष 164 लोकसभा सीटों पर आगामी तीन चरणों में वोटिंग होगी। आखिरी के तीन चरणों के लिए कांग्रेस पार्टी ने विशेष रणनीति तैयार की है। इसके तहत जिन राज्यों में वोटिंग हो चुकी है वहां के दिग्गज अब देशभर में कैंपेन करेंगे।

उत्तर प्रदेश और बिहार की सीटों पर विपक्ष का विशेष फोकस है। यहां तमाम बड़े नेताओं की आने वाले दिनों में रैलियां प्रस्तावित है। मध्य प्रदेश की सभी सीटों पर मतदान संपन्न होने के बाद अब कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह उत्तर प्रदेश और बिहार में कैंपेन करेंगे। वे उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड व पूर्वांचल के क्षेत्र में दौरे करेंगे। वहीं, बिहार की कुछ सीटों पर भी पार्टी के पक्ष में प्रचार करेंगे।

जानकारी के अनुसार सिंह बुधवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर में रहेंगे। यहां वे मेहरौनी में झांसी लोकसभा सीट से INDIA गठबंधन के प्रत्याशी प्रदीप जैन के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही झांसी जिले के रानीपुर में भी जनसभा करेंगे। इसके बाद सिंह प्रयागराज पहुंचेंगे। बताया जा रहा है कि वे प्रतापगढ़ सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी एसपी सिंह पटेल के समर्थन में प्रचार-प्रसार करेंगे।

सिंह बिहार में भी दौरे करेंगे। जानकारी के मुताबिक बिहार के महाराजगंज सीट पर वे रैली करेंगे। यहां से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के बेटे आकाश सिंह चुनावी मैदान में हैं। छठे चरण के तहत 25 मई को यहां मतदान होना है। इसके अलावा सिंह पटना में INDIA गठबंधन द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। बता दें कि उत्तर प्रदेश और बिहार देश में सामाजिक और राजनीतिक बदलाव का गवाह रहा है। ऐसे में विपक्षी गठबंधन को इन दो राज्यों से काफी उम्मीदें हैं।