प्रधानमंत्री आवास के बाहर महिला कांग्रेस ने उड़ाए काले गुब्बारे, महंगाई के खिलाफ किया प्रदर्शन

महंगाई के खिलाफ प्रधानमंत्री आवास के बाहर जुटी महिला कांग्रेस, उड़ाए काले गुब्बारे, जमकर की नारेबाज़ी

Updated: Sep 02, 2021, 09:52 AM IST

नई दिल्ली। बढ़ती महंगाई के विराध में महिला कांग्रेस ने आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार का विरोध करने के लिए महिला कांग्रेस आज प्रधानमंत्री आवास के बाहर जुट गई। रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर महिला विंग की कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर काले गुब्बारे उड़ाए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी भी की।  

यह भी पढ़ें ः जीडीपी बढ़ने का मतलब है, गैस, डीजल और पेट्रोल की कीमतों में वृद्धि, राहुल का मोदी सरकार पर वार

सोशल मीडीया पर महिला कांग्रेस के इस प्रदर्शन का वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताएं काले गुब्बारे उड़ाते हुए दिख रही हैं। इस दौरान महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए सुनाई पड़ रही हैं। महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताएं लगातार कह रही हैं, 'मोदी शाह होश में आओ, मोदी शाह होश हाय-हाय। मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी, यह मनमानी नहीं चलेगी।' 

यह भी पढ़ें ः महंगाई से हुई महीने के पहले दिन की शुरुआत, गैस सिलिंडर हुआ महंगा, आम जनता का घरेलू बजट बिगड़ा

लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस लगातार मोदी सरकार को घेर रही है। बुधवार को महंगाई के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी मोदी सरकार पर एक के बाद एक हमला बोला। राहुल गांधी ने मोदी सरकार के कार्यकाल में गैस, डीजल, पेट्रोल के बढ़े दामों का लेखा-जोखा पेश किया। राहुल गांधी ने बताया कि मोदी सरकार आने के बाद गैस के दामों में 116 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। जबकि पेट्रोल के दाम 42 और डीजल के दाम 55 फीसदी तक बढ़ गए। राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इस सरकार के लिए जीडीपी बढ़ने का मतलब है, गैस, डीजल और पेट्रोल के दामों में वृद्धि।