शेयर मार्केट में रक्तपात: सेंसेक्स 1000 अंक गिरकर 72,600 पर आया, निफ्टी भी 250 अंक नीचे
शेयर बाजार में बुधवार को शुरुआती कारोबार में ही बिकवाली हावी होती दिख रही है। बाजार को नीचे धकेलने के पीछे 4 अहम फैक्टर नजर आ रहे हैं। खासतौर पर बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी क्रैश करते दिख रहे हैं।
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में बुधवार, 28 अक्टूबर को कारोबार की शुरुआत से ही भारी गिरावट देखी जा रही है। सेंसेक्स करीब 1,000 अंक की गिरावट के साथ 72,600 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी करीब 250 अंक की गिरावट है, ये 22,500 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। एनर्जी, IT और FMCG शेयर्स में आज सबसे ज्यादा बिकवाली है।
बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में तेजी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) 115 डॉलर प्रति बैरल के पार कारोबार कर रहा है। सऊदी अरब की रिफाइनरी पर हमले की खबर के बाद तेल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ी है। इससे महंगाई और ऊर्जा लागत को लेकर चिंताएं फिर गहरा गई हैं।
बुधवार को शुरुआती कारोबार में आईटी शेयर बाजार के सबसे कमजोर हिस्सों में रहे। सुबह इंफोसिस करीब 4.5%, HCL Technologies 3.3%, टेक महिंद्रा 3.1% और TCS 2.6% तक टूट गए थे। सेक्टोरल डेटा में निफ्टी आईटी इंडेक्स की गिरावट 3.26% तक पहुंच गई। अमेरिका से आईटी कंपनियों को होने वाली कमाई काफी अहम है। ऐसे में अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों पर फैसले और आगे के संकेतों से पहले निवेशक सतर्क नजर आए। आईटी शेयरों में तेज गिरावट ने भी बेंचमार्क इंडेक्स पर दबाव बढ़ाया।
आज यानी बुधवार 28 अक्टूबर को अमेरिकी फेडरल रिजर्व का मौद्रिक नीति पर फैसला भी आना है। यह फैसला निवेशकों के रडार पर है। ब्याज दरों को लेकर फेड का रुख वैश्विक बाजारों में निवेश की दिशा और उभरते बाजारों में पूंजी के प्रवाह को प्रभावित कर सकता है। इस वजह से निवेशक नए सौदे करने से पहले वैश्विक संकेतों पर नजर रख रहे हैं।
बाजार को नीचे धकेलने के पीछे कमजोर टेक्निकल सेटअप और कमजोर रिस्क सेंटिमेंट भी अहम साबित हो रहे हैं। निफ्टी और सेंसेक्स साल के निचले स्तर के आसपास हैं। मौजूदा लेवल से इन इंडेक्स के ऊपर की तरफ बढ़ने के लिए कोई मजबूत ट्रिगर नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में गिरावट के और गहरे होने का खतरा मंडरा रहा है। इसके अलावा दूसरी तरफ India Vix भी निवेशकों के कमजोर सेंटिमेंट को दिखा रहा है।




