सत्ता संभालते ही एक्शन मोड में आईं ममता, बंगाल के डीजीपी और एडीजी बदले

बंगाल में मास्क लगाना अभी अनिवार्य कर दिया गया है, लोकल ट्रेन की आवाजाही बंद कर दी गई है, इसके साथ ही बाज़ार के खुलने को लेकर भी नए प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं

Publish: May 05, 2021, 10:55 AM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की सत्ता संभालते ही ममता बनर्जी एक्शन मोड में आ गई हैं। कमान संभालते ही ममता ने राज्य के डीजीपी और एडीजी बदल दिए हैं। ममता ने वीरेंद्र को प्रदेश का नया डीजीपी बना दिया है। वहीं जावेद शमीम को पश्चिम बंगाल का नया एडीजी बना दिया गया है। चुनाव आयोग ने नीरज पाण्डेय को पश्चिम बंगाल का डीजीपी बना दिया था। वहीं जगनमोहन को एडीजी के पद पर नियुक्त कर दिया गया था। अब ममता ने इन दोनों को क्रमशः दमकल विभाग और सिविल डिफेंस भेज दिया है। 

इसके साथ ही ममता बनर्जी ने प्रदेश में नई पाबंदियों का ऐलान कर दिया है। ममता ने कहा अपने शपथ ग्रहण में ही यह बात कही थी कि उनकी प्राथमिकता कोरोना महामारी से निपटने का है। लिहाज़ा पश्चिम बंगाल में अब मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ ही लोकल ट्रेनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। बंगाल में अब बाज़ार भी सुबह के 7 से 10 बजे तक और शाम के 5 से 7 बजे तक खोलने का आदेश दिया गया है। 

ममता ने कोरोना महामारी को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा है। ममता ने कहा है कि केंद्र सरकार पारदर्शी भरा रवैया नहीं अपना रही है। ममता ने कहा है कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को चिट्ठी भी लिखी है। पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा को लेकर भी ममता ने राज्य के सभी पुलिस अधीक्षकों को हिंसा रोकने और सख्ती से कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।