नायब सिंह सैनी होंगे हरियाणा के नए मुख्यमंत्री, विधायक दल की बैठक में लगी मुहर

कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सिंह सैनी हरियाणा के नए सीएम चुन लिए गए हैं। भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी।

Updated: Mar 12, 2024, 06:57 PM IST

चंडीगढ़। कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद नायब सिंह सैनी हरियाणा के नए मुख्यमंत्री होंगे। मंगलवार को मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे के बाद विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया। इसके बाद नायब सिंह सैनी ने राजभवन पहुंचकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। शाम 5 बजे वो मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

सैनी ने विधायक दल का नेता चुने जाने पर पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया। वे मनोहर लाल के करीबी माने जाते हैं। 27 अक्टूबर 2023 को ही उन्हें हरियाणा भाजपा का अध्यक्ष भी बनाया गया था। सैनी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े हैं। सैनी ओबीसी समुदाय से आते हैं। उन्हें संगठन में काम करने का लंबा अनुभव है।

वे साल 2002 में युवा मोर्चा बीजेपी अंबाला से जिला महामंत्री बने। इसके बाद साल 2005 में युवा मोर्चा भाजपा अंबाला में जिला अध्यक्ष रहे। सैनी 2009 में किसान मोर्चा भाजपा हरियाणा के प्रदेश महामंत्री भी रहे। 2012 में वे अंबाला भाजपा के जिला अध्यक्ष बने। आरएसएस के समय से सैनी को मनोहर लाल का करीबी माना जाता है। खट्टर ने ही उन्हें कुरुक्षेत्र से टिकट देने की पैरवी की थी।

नायब सिंह ने 2009 में अंबाला के नारायणगढ़ निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन रामकिशन गुर्जर से हार गए थे। 2014 में उन्होंने 24,361 वोटों से इसी क्षेत्र से चुनाव जीता था, जिसके बाद वे प्रदेश सरकार में 24 जुलाई 2015 से तीन जून 2019 तक मंत्री भी रहे। उन्होंने प्रदेश में श्रम एवं रोजगार मंत्री स्वतंत्र प्रभार के अलावा खान एवं भू विज्ञान मंत्री व नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री के तौर पर भी कार्यभार संभाला।