पटना। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आज शुक्रवार को NDA ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। एनडीए ने 1 करोड़ नौकरी देने का वादा किया है। साथ ही महिलाओं को 2 लाख तक की मदद दी जाएगी। इसके अलावे 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

साथ ही गरीबों के लिए KG से PG तक मुफ्त शिक्षा का भी वादा किया गया है। मां जानकी के मंदिर को अगले 5 सालों में पूरा किया जाएगा। इलाके को 'सीतापुरम' के नाम से विकसित किया जाएगा। आनेवाले समय में बिहार के 4 शहरों में मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी।

पटना के होटल मौर्या में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री और HAM(S) नेता जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री और LJP-रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने घोषणा पत्र जारी किया।

मेनिफेस्टो जारी करने के साथ ही सीनियर लीडर चुनाव प्रचार के लिए निकल गए। संकल्प पत्र के बारे में सम्राट चौधरी ने अकेले मीडिया को सारी जानकारी दी। आरएलएम के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा, "एनडीए ने सामूहिक रूप से अपना संकल्प व्यक्त किया है कि हम बिहार को बहुत आगे ले जाएंगे। हम समाज के सभी वर्गों के लिए काम कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। 'सबका साथ सबका विकास', जो हमारा पुराना संकल्प है, उसी संकल्प के साथ हम बिहार को आगे बढ़ाएंगे।