ओडिशा को 24 साल बाद मिला नया CM, भाजपा के मोहन माझी ने ली पद और गोपनीयता की शपथ
ओडिशा में पहली बार भाजपा की सरकार बनी है। 52 वर्षीय मोहन चरण माझी ने बुधवार को राज्य के 15वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।

भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को शानदार जीत मिली है। बीजेपी की तरफ से मोहन चरण माझी विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद बुधवार को 52 वर्षीय मोहन चरण माझी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसी के साथ 24 साल बाद ओडिशा को नया मुख्यमंत्री मिला है। पिछले 24 साल से नवीन पटनायक राज्य के मुख्यमंत्री थे।
भुवनेश्वर के जनता मैदान में राज्यपाल रघुवर दास ने माझी और कैबिनेट मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ दो डिप्टी CM कनक वर्धन सिंहदेव और प्रभाती परिदा ने भी शपथ ली। माझी कैबिनेट में कुल 13 मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें सुरेश पुजारी, रबिनारायण नाइक, नित्यानंद गोंड, कृष्ण चंद्र पात्रा, पृथ्वीराज हरिचंदन, मुकेश महालिंग, बिभूति भूषण जेना, कृष्ण चंद्र महापात्रा, गणेश राम सिंह खुंटिया, सूर्यवंशी सूरज, प्रदीप बालसामंता, गोकुला नंद मल्लिक और संपद कुमार स्वैन शामिल हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा, अमित शाह के अलावा उत्तर प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, असम, हरियाणा, गोवा और उत्तराखंड के CM भी मौजूद थे।
बता दें कि ओडिशा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पहली बार बहुमत के साथ जीत हासिल की है। राज्य की 147 सीटों में से भाजपा को 78 सीटें मिली हैं। वहीं, नवीन पटनायक की बीजू जनता दल (BJD) को 51, कांग्रेस को 14, CPI(M) को 1 और अन्य को 3 सीटों पर जीत मिली है।