सिलेंडर की आँच में तप रही सियासत, चुनाव से पहले केंद्र सरकार ने LPG की कीमतों में की 200 रुपए की कटौती

केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) के दामों में 200 रुपए की कटौती की है। इस फैसले के बाद भोपाल में गैस सिलेंडर 908 और दिल्ली 903 रुपए का मिलेगा।

Updated: Aug 29, 2023, 05:15 PM IST

भोपाल। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार ने आमलोगों को महंगाई से मामूली राहत दी है। केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में 200 रुपए की कटौती की है। केंद्र के इस फैसले के बाद भोपाल में ये सब दाम घटकर 908 रुपए और दिल्ली में 903 रुपए हो गए हैं। पहले दाम भोपाल में सिलेंडर के दाम 1108 रुपए और दिल्ली में 1103 रुपए थे।

केंद्रीय कैबिनेट ने मंगलवार को सिलेंडर के दामों में कटौती की मंजूरी दी है। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि रक्षाबंधन और ओनम से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने बहनों को तोहफा दी है। देश के 33 करोड़ कंज्यूमर्स को इसका फायदा मिलेगा। इस फैसले से सरकार पर वित्त वर्ष 2023-24 में 7,680 करोड़ का बोझ आएगा। केंद्रीय मंत्री ने ये भी कहा कि सरकार 75 लाख नए उज्जवला कनेक्शन बांटेगी।

केंद्र के इस ऐलान के बाद माना जा रहा है कि 
गैस सिलेंडर ही अब आने वाले दिनों में राजनीति की दिशा तय करेगा। इसके पहले राजस्थान सीएम अशोक गहलोत ने पाँच सौ रूपये में गैस सिलिंडर देने का ऐलान कर चुनावी कार्ड खेल चुके हैं। उसके बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमल नाथ भी 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का चुनावी वादा कर चुके हैं। दो दिन पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी 450 रुपए में सिलेंडर देने की बात कही थी। हालांकि, महिलाओं को इसका फायदा नहीं मिल रहा है। आज अब केंद्रीय कैबिनेट ने सिलेंडर की कीमत में 200 रुपए की कटौती कर दी है।

बता दें कि इस साल के अंत में मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव होने हैं। कांग्रेस इस बार चुनाव में महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा को घेर रही है। ऐसे में अब केंद्र सरकार को इस तरह के फैसले लेकर जनता को चुनावी राहत देने को मजबूर होना पड़ रहा है। सिलेंडर की कीमतों पर गौर करें तो जो घरेलू LPG सिलेंडर 1 अप्रैल 2019 को 706 रु का था वो 1 अगस्त 2023 तक 1103 रु का है। यानी पिछले चार साल में इसमें चार सौर रुपए की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, चुनाव से ठीक पहले इसमें महज 200 रुपए की कटौती की गई है।

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह केंद्र के इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'शिवराज और मोदी जी हार के डर से ऐसे घबरा गए हैं कि लगता है अब हर त्योहार एक नया तोहफ़ा देंगे। कांग्रेस सरकारों ने LPG के दाम करने का ऐलान क्या किया, जनता के दुख दर्द से दूर मोदी-शाह-शिवराज एक के बाद एक कांग्रेस की घोषणाएँ दोहराने लगे। मेरी माँग है कि कम से कम LPG के दाम मई 2019 तक के रेट तक तो ला दें।'