प्रधानमंत्री ने रेपिस्ट को भागने में मदद की, यही है मोदी की गारंटी, शिवमोगा में गरजे राहुल गांधी

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मास रेपिस्ट के लिए वोट मांग रहे हैं। उन्होंने रेपिस्ट को भारत से भागने में मदद की।

Updated: May 03, 2024, 12:17 AM IST

शिवमोगा। लोकसभा चुनाव को लेकर देशभर में सियासी सरगर्मियां तेज हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को कर्नाटक के शिवमोगा में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मास रेपिस्ट (कइयों के साथ रेप करने वाला) के लिए वोट मांग रहे हैं। उन्होंने रेपिस्ट को भारत से भागने में मदद की। यही मोदी की गारंटी है।

दरअसल, कर्नाटक में भाजपा और जेडीएस के बीच गठबंधन है। जेडीएस सांसद प्रज्वल रेवन्ना गौड़ा पर रेप और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप है। देवगौड़ा के 33 साल के पोते प्रज्वल चुनाव लड़ रहे हैं। वोटिंग से पहले सोशल मीडिया पर 200 से ज्यादा अश्लील वीडियो वायरल हुए। इसके बाद से कांग्रेस भाजपा पर हमलावर है।

राहुल गांधी ने शिवमोगा में रैली के दौरान कहा 
हमारी सरकार युवाओं को अप्रेंटिसशिप का अधिकार देने जा रही है। युवा निधि में आपको यहां अभी 3 हजार रुपए महीना मिलता है। हम पहली नौकरी पक्की स्कीम हम लागू करने जा रहे हैं। एक साल की नौकरी मिलेगी, 8500 रुपए हर महीने अकाउंट में जाएंगे, एक साल में एक लाख रुपए होंगे। हिंदुस्तान के सारे ग्रेजुएट्स को बेस्ट क्वालिटी ट्रेनिंग मिलने वाली है। उन्होंने (भाजपा सरकार) आपको बेरोजगारी दी, हम आपको अप्रेंटिसशिप का अधिकार और दुनिया की सबसे बेहतरीन ट्रेनिंग देने जा रहे हैं।

इससे पहले राहुल गांधी ने केन्द्र की मोदी सरकार पर अंधाधुंध तरीके से निजीकरण लागू करके दलितों, आदिवासियों और पिछड़े वर्गों से गुपचुप तरीके से आरक्षण छीनने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों को मजबूत करने और रोजगार के दरवाजे खोलने की गारंटी देती है।