काफिला रोके जाने के बाद हेलिकॉप्टर से चुराचांदपुर पहुंचे राहुल गांधी, राहत कैंप में पीड़ितों से की मुलाकात

मैं मणिपुर के अपने सभी भाइयों-बहनों को सुनने आया हूं। सभी समुदायों के लोग बहुत स्वागत और प्रेम कर रहे हैं। मणिपुर को उपचार की जरूरत है। शांति हमारी एकमात्र प्राथमिकता होनी चाहिए: राहुल गांधी

Updated: Jun 29, 2023, 11:29 PM IST

इंफाल। मणिपुर पुलिस द्वारा काफिल रोके जाने के बाद राहुल गांधी हेलिकॉप्टर से चुराचांदपुर पहुंचे। यहां उन्होंने रिलीफ कैंप में जाकर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसके बाद उन्हें मोइरांग जाना था, लेकिन प्रशासन ने इसकी इजाजत नहीं दी।

इसके पहले सड़क मार्ग के चुराचांदपुर जाते वक्त राहुल गांधी को पुलिस ने रोक लिया था। इसके बाद 
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि, 'मैं मणिपुर के अपने सभी भाइयों-बहनों को सुनने आया हूं। सभी समुदायों के लोग बहुत स्वागत और प्रेम कर रहे हैं। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार मुझे रोक रही है। मणिपुर को उपचार की जरूरत है। शांति हमारी एकमात्र प्राथमिकता होनी चाहिए।'

राहुल चुराचांदपुर में ही हिंसा प्रभावित लोगों से मिलकर अब इम्फाल लौट रहे हैं। यहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। मणिपुर कांग्रेस अध्यक्ष कीशम मेघचंद्र ने बताया कि राहुल के कल के कार्यक्रम को लेकर अभी कुछ तय नहीं है। इससे पहले राहुल गांधी को हिंसाग्रस्त चुराचांदपुर जाते वक्त पुलिस ने करीब 34 किलोमीटर पहले विष्णुपुर में उनका काफिला रोक दिया था। पुलिस ने कहा था कि रास्ते में हिंसा हो सकती है। राहुल गांधी के लिए आगे जाना सुरक्षित नहीं है। इसके बाद वे इंफाल लौट आए थे।

राहुल गांधी का काफिला रोके जाने के खिलाफ स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश भी देखा गया। विष्णुपुर में बड़ी संख्या में महिलाएं इकट्ठी हो गईं थीं। इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों में मामूली झड़प भी हुई। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े थे।

मामले पर कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि प्रधानमंत्री को मणिपुर के घटनाक्रम की कोई चिंता नहीं है। 130 से ज्यादा लोग की मौत हो चुकी है, हजारों लोग विस्थापित हो चुके हैं और रिलीफ कैंप में रहने को मजबूर हैं। राहुल गांधी के रास्ते में अवरोध और रोड़ा बनने का काम क्यों कर रही है मणिपुर में बीजेपी की सरकार? राहुल गांधी को सड़क से जाने की अनुमति स्थानीय प्रशासन ने दी थी, लेकिन बाद में अचानक रोक दिया गया। राहुल गांधी मणिपुर यात्रा जारी रखेंगे।