भोपाल में LPG संकट के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, दुकानदारों को मुफ्त कोयला बांटा
कांग्रेस नेता रविंद्र साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन दुकानों तक पहुंचकर 5-5 किलो कोयला वितरित किया, जो गैस सिलिंडर न मिलने के कारण बंद पड़ी थीं।
भोपाल। देशभर में गैस सिलिंडर की किल्लत को लेकर सियासत तेज हो गई है। व्यापारियों की परेशानी के बीच कांग्रेस ने भोपाल में सड़क पर उतरकर अनोखा विरोध दर्ज कराया। गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे रविन्द्र साहू झूमरवाला ने बरखेड़ा पठानी क्षेत्र में दुकानदारों और आम नागरिकों के बीच कोयले का वितरण किया।
कांग्रेस नेता रविंद्र साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उन दुकानों तक पहुंचकर 5-5 किलो कोयला वितरित किया, जो गैस सिलिंडर न मिलने के कारण बंद पड़ी थीं। कांग्रेस का कहना है कि सिलिंडर की कमी से व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस संकट का सबसे ज्यादा असर छोटे दुकानदारों, होटल और ढाबा संचालकों पर पड़ा है। कई जगहों पर कारोबार ठप होने की स्थिति बन गई है और लोगों की रोजी-रोटी खतरे में है। 
इस दौरान रविन्द्र साहू ने कहा कि गैस सिलेंडरों की उपलब्धता नहीं होने से लोगों को रोजमर्रा के काम करने में परेशानी आ रही है। ऐसे में प्रतीकात्मक विरोध के तौर पर कोयला बांटकर सरकार का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया गया है। साहू ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार की अव्यवस्थित नीतियों के कारण आम जनता और छोटे व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडरों की कमी से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के साथ-साथ छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी भी प्रभावित हो रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार केवल दावे और घोषणाएं कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। संकट की इस घड़ी में सरकार ने आम नागरिकों को अकेला छोड़ दिया है। साहू ने मांग की कि घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति तुरंत सुचारु की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
रविन्द्र साहू ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी जनहित में बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी। इस दौरान क्षेत्र के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने भी गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर अपनी समस्याएं साझा कीं और नाराजगी जताई।




