Jharkhand: बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पर राजद्रोह का केस, कांग्रेस ने दर्ज कराई FIR

Dumka: बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने दावा किया कि दो-तीन महीने में झारखंड में बीजेपी की सरकार बनेगी, कांग्रेस नेता ने इसे सरकार को अस्थिर करने की साज़िश बताकर केस दर्ज कराया

Updated: Nov 01, 2020, 05:41 PM IST

Photo Courtesy: Indian Express
Photo Courtesy: Indian Express

दुमका। झारखंड में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश के खिलाफ राजद्रोह का केस दर्ज किया गया है। प्रदेश के बीजेपी अध्यक्ष के खिलाफ यह केस राज्य की चुनी हुई सरकार को गिराने की साज़िश रचने के आरोप में दर्ज कराया गया है। दीपक के खिलाफ यह केस कांग्रेस के दुमका जिला अध्यक्ष श्यामल किशोर सिंह ने दुमका नगर थाने में दर्ज कराया है।

दरअसल दीपक प्रकाश ने हाल ही में दिए अपने एक भाषण में दावा किया था कि अगले दो-तीन महीनों में झारखंड में बीजेपी की सरकार बन जाएगी। कांग्रेस के दुमका जिलाध्यक्ष श्यामल किशोर सिंह ने उनके इस बयान को राज्य में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गयी हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ साजिश बताया है। राज्य में अभी झारखंड मुक्ति मोर्चा-कांग्रेस-आरजेडी की साझा सरकार है। 

शिकायत पत्र में श्यामल किशोर सिंह ने प्रदेश की सरकार गिराने के षड्यंत्र पर रोक लगाने और दीपक प्रकाश के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगायी गई है। दीपक प्रकाश के खिलाफ दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि वह लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गयी सरकार के खिलाफ साजिश कर रहे हैं और लोकतंत्र की हत्या करने की धमकी दे रहे हैं। शनिवार को दुमका नगर थाने में आईपीसी की धारा 504, 506, 120 (बी) और 124 (ए) के तहत केस दर्ज कराया गया है।